Janajatiya Gaurav Diwas 2026: अमेरिका से ब्रिटेन तक छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति का दिखा गौरव, नाचा ने रचा इतिहास

Published : Nov 17, 2026, 06:09 PM IST
Janjatiya Gaurav Diwas 2026

सार

Janjatiya Gaurav Diwas: जनजातीय गौरव दिवस 2026 पर नाचा ने अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में भारतीय दूतावासों के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, भगवान बिरसा मुंडा और शहीद वीर नारायण सिंह की विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया।

Chhattisgarh Tribal Culture: छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की गूंज इस वर्ष अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन तक पहुंची। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस 2026 में नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (नाचा) ने भारतीय दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों, उच्चायोग और विभिन्न भारतीय सामुदायिक संगठनों के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भारत सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। इसका उद्देश्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को सम्मान देना तथा नई पीढ़ी को उनके इतिहास से जोड़ना है। इस वर्ष 1 से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़े के अंतर्गत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

शिकागो में जनजातीय गौरव दिवस समारोह, गणेश कर ने किया नेतृत्व

अमेरिका के शिकागो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने नेशनल इंडिया हब में जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया। इसमें छत्तीसगढ़, ओडिशा, मणिपुर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित कई राज्यों के संगठनों ने भाग लिया। सामुदायिक समन्वय की जिम्मेदारी नाचा के वरिष्ठ प्रतिनिधि गणेश कर को सौंपी गई।

भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने जनजातीय समुदायों के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में योगदान को रेखांकित किया। वहीं, नाचा शिकागो चैप्टर के अध्यक्ष तेजेंद्र साहू ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति और शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान पर प्रकाश डाला।

ये भी पढ़ें- PM Modi Bastar Visit: 47 साल में पहली बार CRPF का ZERO ऑपरेशनल डेथ रिकॉर्ड, जानिए मोदी ने क्या कहा

दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026 के लिए सम्मान

समारोह में भारतीय महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने नाचा की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दिए गए प्रतिष्ठित छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026 के लिए बधाई दी और सम्मानित किया। वह यह सम्मान प्राप्त करने वाली पहली महिला हैं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के साहस और बलिदान को याद करते हुए शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि दी।

कनाडा के टोरंटो में पंकज अग्रवाल ने संभाली जिम्मेदारी

टोरंटो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने नाचा और अन्य भारतीय संगठनों के सहयोग से जनजातीय गौरव दिवस मनाया। महावाणिज्य दूत महावीर सिंहवी ने दीप प्रज्वलित कर भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की।

इस आयोजन में बिलासपुर निवासी और नाचा कनाडा चैप्टर के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में जनजातीय नृत्य, पारंपरिक कला, चित्रकला और वेशभूषा प्रतियोगिताओं के माध्यम से भारतीय जनजातीय संस्कृति को प्रदर्शित किया गया। कलाकारों और विजेताओं को सम्मानित भी किया गया।

लंदन में ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026 में दिखी छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति

ब्रिटेन के लंदन स्थित नेहरू सेंटर में आयोजित 'द ट्राइबल टेपेस्ट्री 2026' में नाचा यूके ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के साथ भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी मनाई गई। नाचा यूके के अरविंद साहू, पियाली और अन्य सदस्यों ने भारतीय उच्चायोग के सहयोग से आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाई।

ये भी पढ़ें- Mahtari Vandan Yojana: दिवाली से पहले महिलाओं को तोहफा, 67 लाख खातों में आए 632 करोड़ रुपये

ह्यूस्टन में भी मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस

अमेरिका के टेक्सास स्थित ह्यूस्टन में भारतीय वाणिज्य दूतावास के कार्यक्रम में जनजातीय गौरव दिवस और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की भावना को एक साथ मनाया गया। नाचा के प्रतिनिधि हिमांशु थवैत और नंदा तिवारी ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय विरासत, लोकसंस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को प्रस्तुत किया।

दुनिया भर में छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों की पहचान बढ़ाना नाचा का संकल्प

नाचा की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी ने कहा कि अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन में छत्तीसगढ़ी प्रवासी समुदाय भारतीय राजनयिक मिशनों के साथ मिलकर जनजातीय विरासत को वैश्विक पहचान दिला रहा है। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस की पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान केवल प्राकृतिक संपदा तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर से सरगुजा तक फैली जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं और सांस्कृतिक विविधता में भी है। शहीद वीर नारायण सिंह जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत प्रदेश का गौरव है।

दीपाली सरावगी ने कहा कि नाचा का उद्देश्य दुनियाभर में बसे छत्तीसगढ़वासियों को एकजुट करना और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, इतिहास तथा महान नायकों के योगदान से परिचित कराना है। उन्होंने शिकागो, टोरंटो, लंदन और ह्यूस्टन के नाचा पदाधिकारियों, भारतीय राजनयिक मिशनों, सहयोगी संगठनों, कलाकारों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।

PREV

छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

PM Modi Bastar Visit: 47 साल में पहली बार CRPF का ZERO ऑपरेशनल डेथ रिकॉर्ड, जानिए मोदी ने क्या कहा
Mahtari Vandan Yojana: दिवाली से पहले महिलाओं को तोहफा, 67 लाख खातों में आए 632 करोड़ रुपये