
रायगढ़। Raigarh के नगर पालिक निगम ने निगम की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने, बिना अनुमति सड़क खोदाई करने और अवैध निर्माण कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सावित्री नगर रोड, मिट्ठूमुड़ा क्षेत्र में चल रहे एक निर्माण कार्य को लेकर निगम प्रशासन ने थाना जूटमिल में एफआईआर दर्ज कराई है।
नगर निगम के अनुसार सावित्री नगर रोड, मिट्ठूमुड़ा स्थित शिवम होटल मॉलधक्का रोड के पास भवन निर्माण का कार्य अभिषेक अग्रवाल द्वारा कराया जा रहा था। निर्माण कार्य के दौरान मुख्य सड़क पर करीब छह जगहों पर खोदाई की गई। इस दौरान नगर निगम की मुख्य जल प्रदाय पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
पाइप लाइन टूटने के कारण 13 मई 2026 की सुबह ट्रांसपोर्ट नगर, राजीव नगर, मिट्ठू मोड़, सावित्री नगर और चमड़ा गोदाम सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बाधित रही। इससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।
जल आपूर्ति प्रभावित होने के बाद क्षेत्रीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी मामले पर असंतोष व्यक्त किया। निगम प्रशासन ने बताया कि संबंधित व्यक्ति ने सड़क खोदाई और निर्माण कार्य के लिए नगर निगम या किसी अन्य सक्षम प्राधिकरण से पूर्व अनुमति नहीं ली थी।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि बिना अनुमति सार्वजनिक सड़क की खुदाई कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है। इससे निगम को आर्थिक नुकसान हुआ और आम नागरिकों को भी गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम प्रशासन ने थाना जूटमिल में सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने, शासकीय संपत्ति को क्षति पहुंचाने और बिना अनुमति सार्वजनिक मार्ग खोदने से जुड़े प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज कराया है।
नगर निगम ने साफ कहा है कि शहर में अवैध निर्माण, बिना अनुमति सड़क कटिंग, पाइप लाइन से छेड़छाड़ या निगम की सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर निगम आयुक्त Brijesh Singh Kshatriya ने कहा कि निगम की जल पाइप लाइन, सड़क और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं। इनके साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या बिना अनुमति सड़क खोदाई करना गंभीर अपराध है।
उन्होंने नागरिकों, भवन निर्माताओं और ठेकेदारों से अपील की है कि किसी भी निर्माण कार्य, सड़क कटिंग या खुदाई से पहले नगर निगम से विधिवत अनुमति जरूर लें, ताकि शहर की मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से चलती रहें और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।