
रायपुर: शिक्षक दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के कृषि विकास एवं कल्याण, आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि देश के भविष्य को बनाने में शिक्षकों का बहुत बड़ा योगदान है। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि एक पूरी पीढ़ी के चरित्र और सोच को बनाने का काम करता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार जिले में युवाओं के अच्छे भविष्य के लिए प्रयास विद्यालय और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की जा रही है। शिक्षक ही समाज और देश की आने वाली पीढ़ी के सच्चे निर्माता होते हैं। वे ज्ञान, अच्छे संस्कार और सही मार्गदर्शन देकर विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देते हैं।
शिक्षक दिवस के मौके पर बलरामपुर-रामानुजगंज जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम भवन में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं कल्याण, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम रहे। मंत्री नेताम ने कहा कि शिक्षक सिर्फ किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्य, अनुशासन और अच्छे संस्कार भी पैदा करते हैं। वे बच्चों को अपनी सोच विकसित करने, रचनात्मक बनने और कुछ नया सीखने के लिए उत्साहित करते हैं। कार्यक्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शिक्षकों को देश और समाज निर्माण की अहम कड़ी बताया। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों का ऐसा मार्गदर्शन करने की अपील की, जिससे वे आगे चलकर समाज के लिए एक अच्छी मिसाल बन सकें।
समारोह में जिले के 21 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। ज्ञानदीप पुरस्कार से श्याम सुंदर चौरगे, शिक्षक, शासकीय माध्यमिक शाला कोरवापारा, राजपुर को सम्मानित किया गया। इसके अलावा नीलीमा एक्का, शिक्षिका, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला डौरा और जवाहर लाल पैकरा, प्रधान पाठक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चिरई, शंकरगढ़ को भी ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसी तरह शिक्षादूत पुरस्कार जिले के अलग-अलग विकासखंडों के 18 शिक्षकों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवाओं के लिए दिया गया।
इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।