
रायपुर। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के संचालक मंडल की 38वीं बैठक सोमवार को रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड मुख्यालय में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र के विकास, चल रही योजनाओं की समीक्षा, नई पर्यटन परियोजनाओं और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में लिए गए अहम निर्णयों को छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन फैसलों का उद्देश्य राज्य की पर्यटन पहचान को मजबूत करना और पर्यटन गतिविधियों को नई गति देना है।
बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने की। इस दौरान पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य, अवर सचिव श्रीमती रुचि शर्मा, उपमहाप्रबंधक श्रीमती पूनम शर्मा, संस्कृति विभाग के संचालक श्री संजय कन्नौजे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और पर्यटन मंडल के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ की गई। इस अवसर पर प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा और पर्यटन सचिव डॉ. एस. भारतीदासन को पौधे भेंट कर हरित पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। वहीं उपमहाप्रबंधक श्रीमती पूनम शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों और सदस्यों का पौधे भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में पर्यटन मंडल द्वारा संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति का विस्तार से आकलन किया गया। परियोजनाओं को समय पर पूरा करने, गुणवत्ता बनाए रखने और पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने, प्रमुख पर्यटन स्थलों को अधिक आकर्षक बनाने और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आगामी पर्यटन कार्यक्रमों, प्रचार-प्रसार अभियान, निजी निवेश की संभावनाओं और पर्यटन को स्थानीय रोजगार एवं अर्थव्यवस्था से जोड़ने की रणनीतियों पर भी विचार किया गया। सदस्यों ने इस बात पर बल दिया कि पर्यटन विकास के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएं और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिले।
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक स्थल और जनजातीय पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके लिए पर्यटन स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं का विस्तार, पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने और स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया।
संचालक मंडल ने बैठक में लिए गए निर्णयों को प्रदेश के पर्यटन विकास के लिए अहम बताया। सदस्यों ने विश्वास जताया कि इन फैसलों के प्रभावी क्रियान्वयन से पर्यटन योजनाओं को गति मिलेगी, प्रदेश की पर्यटन पहचान और मजबूत होगी तथा छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख पर्यटन राज्यों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।