
रायपुर, 8 अगस्त 2026: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सेन समाज ने सदियों से भारतीय सामाजिक व्यवस्था, संस्कारों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सेन समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और जन्म से लेकर विवाह तथा मृत्यु तक विभिन्न संस्कारों में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री शनिवार को रायपुर के चिकित्सा महाविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित सेन शक्ति सम्मेलन एवं केश शिल्पी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सेन समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर होगा चौक का नामकरण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नया रायपुर में संत शिरोमणि सेन जी महाराज के नाम पर चौक का नामकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नामकरण की प्रक्रिया के लिए कमेटी का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री ने सेन समाज के विकास और कल्याण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
केश शिल्पियों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के माध्यम से पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े लोगों को आगे बढ़ाने के लिए कई पहल की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सेन समाज की वर्तमान जरूरतों और मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पारंपरिक हुनर से जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता, ऋण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे देश में हुनर और श्रम के प्रति सम्मान बढ़ा है।
कर्पूरी ठाकुर के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने वंचित वर्गों के अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर जैसे महापुरुषों का सेन समाज से होना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ में सेन समाज से जुड़े विधायक रिकेश सेन और छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन के योगदान का भी उल्लेख किया।
ढाई साल में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत होने की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का भी जिक्र किया और बताया कि प्रदेश की करीब 70 लाख माताओं-बहनों को हर महीने 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है।
50 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को दोबारा शुरू किए जाने की भी जानकारी दी।
युवाओं को रोजगार और पारंपरिक हुनर को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न विभागों में 20 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जा चुकी है। नई उद्योग नीति के जरिए करीब डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं।
उन्होंने सेन समाज के प्रतिनिधियों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
बिजली बिल समाधान योजना का लाभ लेने की अपील
मुख्यमंत्री ने कोरोना काल के दौरान बिजली बिल जमा नहीं कर पाने वाले उपभोक्ताओं के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का जिक्र किया। उन्होंने पात्र लोगों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की।
80 हजार घरों में लगाए गए सोलर सिस्टम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेश में करीब 80 हजार घरों में सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इनमें लगभग 40 हजार घरों में बिजली बिल शून्य आने की बात उन्होंने कही।
सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए शुरू किए गए सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। वहीं, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए लोग घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
सम्मेलन में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक रिकेश सेन, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन और केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास समेत कई जनप्रतिनिधि और सेन समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए प्रशिक्षित युवाओं को किट भी वितरित किए।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।