
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने राजधानी की कानून व्यवस्था को लेकर सीनियर पुलिस अफसरों के साथ अहम बैठक की। उनके साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी पुलिस मुख्यालय पहुंचीं। यह दौरा ऐसे वक्त में हुआ है, जब वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विपक्षी दल और छात्र संगठन चुनाव आयोग (ECI) के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में धांधली हुई है। वे मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं।
इस बीच, कांग्रेस और 'इंडिया' गठबंधन की पार्टियों ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली बुलाई है। इस रैली का मकसद भी वोटर लिस्ट विवाद (SIR) को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगना है। कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने बताया कि यह रैली 'इंडिया' गठबंधन की पार्टियों से बातचीत के बाद तय की गई है। उन्होंने साफ किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष में कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा,
1 नवंबर की रैली कांग्रेस और 'इंडिया' ब्लॉक मिलकर कर रहे हैं। यह एक साझा फैसला है। तारीख को लेकर कोई खास बात नहीं है, लेकिन हम लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हमने अपनी पूरी रणनीति तैयार कर ली है।
इस रैली को देशव्यापी मुहिम बताते हुए माथेर ने कहा कि देशभर की राजनीतिक पार्टियां एक साथ आकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे का दबाव बनाएंगी। उन्होंने आगे कहा,
यह पूरे देश की एक मेगा रैली है। अलग-अलग पार्टियां और हर कोई एक साथ आकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की पुरजोर मांग करेगा। इसलिए इस मुद्दे पर 'इंडिया' ब्लॉक या विपक्षी दलों के बीच कोई अनबन नहीं है।
माथेर ने यह भी कहा कि इस रैली के जरिए विपक्ष लोकतंत्र को बचाने और चुनाव प्रणाली में निष्पक्षता वापस लाने का एकजुट संदेश देगा। वहीं, कांग्रेस के सीनियर सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि इस रैली का मकसद सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे आंदोलन के बीच एकजुटता का कड़ा संदेश देना है। उन्होंने कहा,
मोदी-शाह के इशारे पर ज्ञानेश एंड कंपनी ने जो 'वोट चोरी' की है, उसके खिलाफ हमारा यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। देशभर से लोग भारी संख्या में इसमें शामिल होंगे। इससे भारत के कोने-कोने में यह कड़ा संदेश जाएगा कि हम अपने लोकतंत्र की रक्षा करने और इन 'वोट चोरों' को सत्ता से बाहर करने के लिए पूरी तरह एकजुट हैं।
बता दें कि 5 अक्टूबर को ही वेणुगोपाल ने एंटी-SIR आंदोलन के बीच सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 1 नवंबर की रैली का ऐलान किया था।
दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।