CM रेखा गुप्ता ने किया CWG Table Tennis Championships 2026 का उद्घाटन, दुनिया की नजर दिल्ली पर

Asianet News   | ANI
Published : Jul 27, 2026, 03:25 PM IST
Rekha Gupta inaugurates commonwealth table tennis championship 2026

सार

दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ हुआ। CM रेखा गुप्ता ने खिलाड़ियों का स्वागत कर खेल भावना पर जोर दिया।

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को राजधानी के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी देशों के खिलाड़ियों, अधिकारियों और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत किया और सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के लिए यह बेहद गर्व का विषय है कि उसे इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी करने का अवसर मिला है। उनके अनुसार, खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं बल्कि अलग-अलग देशों, संस्कृतियों और समाजों को जोड़ने वाला एक मजबूत मंच भी है।

Commonwealth Table Tennis Championship 2026: खेल से मजबूत होंगे अंतरराष्ट्रीय रिश्ते

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट युवाओं को अनुशासन, समर्पण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख देते हैं। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ देशों के बीच दोस्ती और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई मजबूती देते हैं। उन्होंने कहा कि खेल दुनिया को एक साथ जोड़ने की ताकत रखते हैं और इसी भावना के साथ दिल्ली इस आयोजन की मेजबानी कर रही है।

रेखा गुप्ता ने ट्रॉफी का अनावरण किया, खिलाड़ियों ने ली खेल भावना की शपथ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप की आधिकारिक ट्रॉफी का अनावरण किया और टूर्नामेंट के शुभारंभ की घोषणा की। इसके बाद सभी खिलाड़ियों ने निष्पक्ष खेल, अनुशासन और खेल भावना का पालन करने की शपथ ली। समारोह के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने टेबल टेनिस रैकेट से पहला सांकेतिक स्ट्रोक खेलकर प्रतियोगिता की आधिकारिक शुरुआत की। इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद, कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के अध्यक्ष विवेक कोहली, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष मेघना अहलावत, दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधि, अंतरराष्ट्रीय मेहमान और खिलाड़ी मौजूद रहे।

 

 

दिल्ली में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक, 'परेड ऑफ नेशंस' बनी आकर्षण का केंद्र

उद्घाटन समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुई। भारत सहित सभी देशों से आए खिलाड़ियों और मेहमानों का भारतीय परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। इसके बाद आयोजित 'परेड ऑफ नेशंस' में सभी देशों के खिलाड़ी अपने-अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ मैदान में उतरे। स्कूली छात्रों और कलाकारों ने भारत की संस्कृति, विविधता और एकता को दर्शाने वाले रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। 'कलर ऑफ इंडिया', 'शिव तांडव' और सितार-सिंफनी की विशेष प्रस्तुतियों ने विदेशी खिलाड़ियों और मेहमानों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई।

PM मोदी के नेतृत्व में खेलों में आगे बढ़ रहा भारत: सीएम रेखा गुप्ता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। देश में विश्वस्तरीय खेल बुनियादी ढांचे का विकास, खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं और बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी, भारत की बढ़ती वैश्विक पहचान का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार भी इसी सोच के साथ राजधानी में मजबूत स्पोर्ट्स कल्चर विकसित करने और युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

दिल्ली विश्वस्तरीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाओं, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और सफल आयोजन क्षमता के कारण दिल्ली आज विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना और आपसी सम्मान के साथ अपने-अपने देश का प्रतिनिधित्व करने की अपील की। साथ ही उन्होंने दिल्लीवासियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने का भी आग्रह किया।

खेल और शिक्षा एक-दूसरे के पूरक हैं: आशीष सूद

दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह चैंपियनशिप केवल विश्वस्तरीय मुकाबलों तक सीमित नहीं है, बल्कि कॉमनवेल्थ देशों के बीच दोस्ती, सहयोग और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लिए इस ऐतिहासिक आयोजन की मेजबानी गर्व की बात है। यहां आने वाले खिलाड़ी, कोच और अधिकारी केवल प्रतियोगिता की यादें ही नहीं बल्कि दिल्ली की संस्कृति, मेहमाननवाजी और लोगों के अपनत्व को भी अपने साथ लेकर जाएंगे।

आशीष सूद ने कहा कि शिक्षा और खेल दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। जहां शिक्षा छात्रों को ज्ञान और सोचने की क्षमता देती है, वहीं खेल टीमवर्क, नेतृत्व, अनुशासन, धैर्य और सम्मान जैसे जीवन के महत्वपूर्ण मूल्य सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों को समान प्राथमिकता दे रही है। सरकार केवल स्टेडियम बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रतिभाओं की पहचान, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और उन्हें आगे बढ़ने के अधिक अवसर देने पर भी लगातार काम कर रही है।

27 जुलाई से 2 अगस्त तक चलेगी कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप

22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 27 जुलाई से 2 अगस्त तक दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भारत सहित ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, बारबाडोस, बोत्सवाना, कनाडा, साइप्रस, इंग्लैंड, फॉकलैंड आइलैंड, जमैका, केन्या, मलावी, मलेशिया, मालदीव, नामीबिया, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया, नॉर्दर्न आयरलैंड, स्कॉटलैंड, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, वेल्स, जाम्बिया और जिम्बाब्वे समेत 25 कॉमनवेल्थ सदस्य देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

दर्शकों के लिए प्रतियोगिता में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है। आयोजन का उद्देश्य खेल उत्कृष्टता के साथ-साथ कॉमनवेल्थ देशों के बीच सहयोग, दोस्ती और खेल भावना को और मजबूत करना है।

PREV

दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

CWG 2026 Weightlifting: ऋषिकांत सिंह का धमाका, रिकॉर्ड बनाकर जीता सिल्वर मेडल, रक्षा मंत्री और CM रेखा गुप्ता ने दी बधाई
PM Modi Education Reforms: छात्रों के भविष्य को लेकर CM रेखा गुप्ता का बड़ा भरोसा