
नई दिल्ली। दिल्ली वालों को प्रदूषण से थोड़ी राहत मिली है। सोमवार सुबह 7 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 164 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, हवा की गुणवत्ता अब 'मध्यम' (moderate) श्रेणी में आ गई है, जो पहले से थोड़ा सुधार दिखाती है। राजधानी के 60 में से 55 मॉनिटरिंग स्टेशनों का डेटा सामने आया है। इनमें से 30 स्टेशनों पर PM2.5 सबसे बड़ा प्रदूषक (pollutant) पाया गया।
अगर सबसे खराब हवा वाले इलाकों की बात करें, तो जहांगीरपुरी का AQI सबसे ज्यादा 246 रहा। इसके बाद विवेक विहार (235), CRRI मथुरा रोड (231), पंजाबी बाग (225) और आरके पुरम (223) का नंबर आता है। ये पांचों इलाके 'खराब' (Poor) श्रेणी में रखे गए हैं।
जहांगीरपुरी, विवेक विहार, पंजाबी बाग और आरके पुरम में हवा खराब होने की मुख्य वजह PM2.5 रहा, जबकि CRRI मथुरा रोड पर PM10 ने हवा को सबसे ज्यादा प्रदूषित किया। इस बीच, दिल्ली-NCR पर पर्यावरण की दोहरी मार पड़ रही है। एक तरफ कालिंदी कुंज के पास यमुना नदी में फिर से जहरीला सफेद झाग तैरने लगा है, तो दूसरी तरफ रविवार को पूरे इलाके का औसत AQI 168 तक पहुंच गया था, जो 'अस्वस्थ' (unhealthy) श्रेणी में आता है।
हवा में PM2.5 और PM10 का जहर लगातार घुला हुआ है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में प्रदूषण का स्तर अलग है। श्रीनिवासपुरी के PGDAV कॉलेज में AQI करीब 110 दर्ज किया गया, जबकि कई अन्य स्टेशनों पर यह आंकड़ा 118 से 180 के पार रहा। प्रदूषण के बिगड़ते हालात को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 21 अक्टूबर को ही दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का पहला चरण (Stage 1) लागू कर दिया था।
GRAP-1 लागू होने के बाद होटल, रेस्टोरेंट और खुले ढाबों के तंदूर में कोयला और लकड़ी जलाने पर पूरी तरह रोक है। इसके अलावा, डीजल जनरेटर का इस्तेमाल भी सिर्फ इमरजेंसी या जरूरी सेवाओं के लिए ही किया जा सकता है। कालिंदी कुंज इलाके से आई तस्वीरों में यमुना नदी की सतह पर जहरीले सफेद झाग की मोटी चादर तैरती दिख रही है। यह नदी में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण की पोल खोलती है।
यमुना में यह झाग ऐसे समय में वापस लौटा है, जब कुछ ही दिन पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नदी को पुनर्जीवित करने की सरकारी कोशिशों की तारीफ की थी। उन्होंने करीब 9,000 करोड़ रुपये के मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के उद्घाटन को शहरवासियों के लिए एक "खुशी का दिन" बताया था।
दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।