Delhi Assembly Election 2025: राजधानी दिल्ली में 70 सीटों के लिए हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान हुआ है। 1.56 करोड़ से अधिक मतदाताओं को यह तय करना था कि चौथी बार आप की सरकार बनेगी या भाजपा और कांग्रेस में से किसी एक को मौका मिलेगा। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ। 699 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, दिल्ली में शाम छह बजे वोटिंग टाइम खत्म होने तक 57.85 प्रतिशत वोट पड़े थे।

07:54 PM (IST) Feb 05
दिल्ली में शाम छह बजे तक 57.85 प्रतिशत वोट पड़े। चुनाव आयोग ने बताया कि एक्जैक्ट आंकड़ा कुछ देर में जारी किया जाएगा।
05:57 PM (IST) Feb 05
दिल्ली में हो रहे विधानसभा चुनाव की वोटिंग में शाम 5 बजे तक लगभग 57.7 प्रतिशत वोट पड़े हैं। चुनाव आयोग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में आज शांतिपूर्ण और उत्सवी माहौल में मतदान हुआ। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा। शाम 5 बजे तक मतदान केंद्रों पर अनंतिम मतदाता मतदान (VTR) 57.7% रहा। मतदान के औपचारिक समापन समय यानी शाम 6 बजे के बाद कतार में लगे सभी मतदाताओं को अपना वोट डालने की अनुमति है।
05:16 PM (IST) Feb 05
सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी ने आप पर लगाया फर्जी वोटिंग कराने का आरोप। यहां से भाजपा उम्मीदवार अनिल गौड़ ने कहा कि 300-400 फर्जी मतदाता उत्तर प्रदेश के लोनी से लाए गए हैं, मुझे ऐसा लगता है कि ये बांग्लादेशी हैं, इनमें पुरुष और महिलाएं दोनों हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे 25 लोगों को उन्होंने पकड़ा है। गौड़ ने कहा कि फर्जी मतदान हो रहा है, हमने इसे रोका है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल फर्जी मतदान कर रहे हैं।
04:28 PM (IST) Feb 05
दिल्ली चुनाव 2025 के स्पेशल सीपी डीसी श्रीवास्तव ने कहा: कल हमने 23,76,000 रुपये जब्त किए और 6 अवैध हथियार और अवैध कारतूस भी बरामद किए गए। 4119 लीटर अवैध शराब जब्त की गई और हमने 226 लोगों के खिलाफ बीएनएसएस के तहत निवारक कार्रवाई की। हम हर शिकायत को पूरी गंभीरता से देख रहे हैं।
04:12 PM (IST) Feb 05
दिल्ली में दोपहर 3 बजे तक 46.55 प्रतिशत वोट पड़ चुके थे। आईए जानते हैं कि किस क्षेत्र में कितने प्रतिशत वोट पड़े...
मध्य दिल्ली: 43.45 %
ईस्ट दिल्ली: 47.09 %
नई दिल्ली: 43.10 %
नार्थ दिल्ली: 46.31 %
नार्थ ईस्ट दिल्ली: 52.73 %
नार्थवेस्ट दिल्ली: 46.81 %
शाहदरा: 49.58 %
साउथ दिल्ली: 44.89 %
साउथ ईस्ट दिल्ली: 43.91 %
साउथ वेस्ट दिल्ली: 48.32 %
वेस्ट दिल्ली: 45.06 %
04:05 PM (IST) Feb 05
दिल्ली साउथ ईस्ट के डीसीपी रवि कुमार सिंह ने कहा: हमें वहां (जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र) से शिकायत मिली थी कि वहां बीजेपी की चार टेबल लगी हैं और कैश बांटा जा रहा है...हमने वहां जाकर देखा कि वहां चार टेबल लगी हुई थीं, जिसमें से तीन टेबल अलग-अलग उम्मीदवारों की थीं, दो अलग-अलग पार्टियों की और एक आश्रित उम्मीदवार की थी। उनकी टेबल पास-पास थी इसलिए भ्रम पैदा हुआ कि शायद चारों टेबल बीजेपी की हैं। एफएसटी टीम ने भी इस पर रिस्पांस दी है और आरोप की पुष्टि भी की गई है, इस तरह की कोई बात नहीं मिली। इसलिए भ्रम दूर हो गया है। स्थिति भी बिल्कुल सामान्य है और हमारी एक टीम वहां मौजूद है।
03:47 PM (IST) Feb 05
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को दोपहर 3 बजे तक46.55 फीसदी मतदान हुआ है।
03:04 PM (IST) Feb 05
भाजपा ने सीलमपुर में आप पर चुनावी गड़बड़ी का आरोप लगाया और दावा किया कि "बुर्का पहनी महिलाएं" मतदान केंद्र पर फर्जी वोट डाल रही थीं।
02:34 PM (IST) Feb 05
आप सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया है कि वाल्मीकि समुदाय के लोगों को निशाना बनाकर गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने वाल्मीकि समुदाय के लोगों घरों से निकलने और वोट डालने की अपील की।
02:06 PM (IST) Feb 05
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को दोपहर 1 बजे तक 33.31 फीसदी मतदान हुआ है।
01:41 PM (IST) Feb 05
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने भाजपा प्रत्याशी पर पैसे बांटने का आरोप लगाया है। उन्होंने X पर पोस्ट कर सवाल उठाया कि चुनाव आयोग द्वारा छापेमारी क्यों नहीं की जा रही है।
01:30 PM (IST) Feb 05
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल वोट डालने के लिए पत्नी सुनीता केजरीवाल और माता-पिता गोबिंद राम केजरीवाल व गीता देवी के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने परिवार के लोगों के साथ मतदान किया और तस्वीरें खिंचवाई।
01:13 PM (IST) Feb 05
ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस चिराग दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर लोगों को वोट डालने से रोकने की कोशिश कर रही है।
12:42 PM (IST) Feb 05
पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने मतदान किया है। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, "लोकतंत्र में हर चुनाव महत्वपूर्ण होता है। अपने मताधिकार का प्रयोग कर, हम दिखाते हैं कि नागरिक के रूप में लोकतंत्र की प्रक्रिया में जिम्मेदार भागीदार हैं। युवा मतदाताओं को बाहर निकलकर अपना वोट डालना चाहिए।"
12:15 PM (IST) Feb 05
दिल्ली में सुबह 11 बजे तक 19.95% मतदान हुआ है। उत्तर-पूर्वी जिला में सबसे अधिक 24.87% वोटिंग हुई है।
12:10 PM (IST) Feb 05
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मतदान कर लिया है। निर्माण भवन स्थित पोलिंग बूथ पर उन्होंने वोट डाला।
11:53 AM (IST) Feb 05
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी वोट डालने निर्माण भवन पहुंचीं हैं। उनकी बेटी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार संदीप दीक्षित भी उनके साथ हैं।
11:19 AM (IST) Feb 05
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। वह अपना वोट डालने के लिए EVM मशीन के पास गए। बटन दबाया और मतदान पूरा होने पर निकलने वाली आवाज के आने तक रुके रहे। इसके बाद उन्होंने मतदान कर्मियों को धन्यवाद दिया। राहुल गांधी ने स्याही लगी अपनी उंगली दिखाई।
11:13 AM (IST) Feb 05
पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने मतदान किया है। इसके बाद उन्होंने कहा, "व्यवस्थाएं बहुत अच्छी की गईं हैं। पोलिंग बूथ पर हर बेसिक फैसिलिटी है। चुनाव आयोग हर बूथ को मॉडल बूथ बनाने का प्रयास करता है। दिल्ली के मतदाताओं से अपील है कि अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। यह सिर्फ अधिकार नहीं, कर्तव्य भी है। दिल्ली के अगले पांच साल आपके वोट पर निर्भर करते हैं।"
10:34 AM (IST) Feb 05
भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना ने निर्माण भवन स्थित मतदान केंद्र पर जाकर वोट डाला है।
09:41 AM (IST) Feb 05
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 9 बजे तक 8.10% मतदान हुआ है।
09:17 AM (IST) Feb 05
जंगपुरा सीट से उम्मीदवार मनीष सिसोदिया और उनकी पत्नी सीमा सिसोदिया ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के लेडी इरविन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मतदान किया। इसके बाद मनीष सिसोदिया ने कहा, "मैं दिल्ली वालों की बेहतर जिंदगी के लिए वोट डालकर आ रहा हूं। दिल्ली के लोगों से अपील करूंगा कि अपने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी के लिए वोट डालें।"
08:27 AM (IST) Feb 05
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मतदान किया है। उनके साथ कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित नजर आए।
08:15 AM (IST) Feb 05
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी अपनी पत्नी लक्ष्मी पुरी के साथ शांति निकेतन के माउंट कार्मेल स्कूल में बने मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा, "ये हमारे लिए अवसर नहीं, कर्तव्य और मौका है दिल्ली को फिर से संवारने का, जिसे पिछले कई सालों में 'आप-दा' ने तबाह कर दिया है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार भाजपा यहां की कमान संभालेगी और दिल्ली का पूरा विकास आगे बढ़ेगा।"
07:55 AM (IST) Feb 05
इंडियन आर्मी के चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी और उनकी पत्नी सुनीता द्विवेदी ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के के. कामराज लेन स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। इसके बाद सेल्फी बूथ पर फोटो खिंचवाई।
07:22 AM (IST) Feb 05
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान चल रहा है। कुछ जगहों से वीवीपैट और ईवीएम में परेशानी आने की शिकायतें सामने आईं हैं, जिन्हें मतदान अधिकारियों ने दूर किया है। कालकाजी विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा और उनके पिता अमर नाथ लांबा मादीपुर में मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे हैं। यहां वीवीपैट में कुछ गड़बड़ी के कारण मतदान प्रक्रिया रोकी गई है।
07:14 AM (IST) Feb 05
आम आदमी पार्टी के नेता और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने कालकाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की है।
07:08 AM (IST) Feb 05
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के लोगों से वोट डालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पूरे उत्साह से लोकतंत्र के उत्सव में हिस्सा लें और अपना वोट जरूर डालें।
07:03 AM (IST) Feb 05
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप, भाजपा और कांग्रेस के बीच टक्कर हुई है। आप ने तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पूरा दम लगाया है। वहीं, भाजपा की कोशिश 25 साल से अधिक समय के बाद दिल्ली में फिर से अपनी सरकार बनाने की है। कांग्रेस को पिछले दो चुनावों में एक भी सीट नहीं मिली थी। इस बार इसने वापसी का प्रयास किया है।