Delhi Assembly Session 2025 Live: दिल्ली विधानसभा के सत्र का मंगलवार को दूसरा दिन रहा। CAG (Comptroller and Auditor General of India) की रिपोर्ट पेश की गई। इसमें बताया गया कि आम आदमी पार्टी की पूर्व सरकार द्वारा लाए गए नई शराब नीति के चलते दिल्ली को 2002 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ है।
03:31 PM (IST) Feb 25
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी समेत आप के 21 विधायकों को विधानसभा अध्यक्ष ने शराब नीति पर भारत के कैग की रिपोर्ट पर हंगामा के बाद 3 दिनों के लिए निलंबित कर दिया। इस रिपोर्ट के कारण पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल समेत कई शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार किया गया था।
03:20 PM (IST) Feb 25
दिल्ली विधानसभा में हंगामे पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "उनलोगों (आम आदमी पार्टी के नेता) ने ठान लिया है कि भ्रम फैलाएंगे, झूठ बोलेंगे। सारे झूठ का खुलासा हो रहा है। इन लोगों ने भगत सिंह और भीम राव अंबेडकर के साथ अरविंद केजरीवाल की तस्वीर लगाकर उनका अपमान किया है। उनकी तस्वीर ऊपर रहनी चाहिए। बाकी लोगों की नीचे। भाजपा ने यही किया है।"
01:10 PM (IST) Feb 25
दिल्ली विधानसभा में मंगलवार को शराब घोटाले को लेकर CAG रिपोर्ट पेश किया गया। रिपोर्ट में बताया गया है कि उस वक्त दिल्ली में रही आम आदमी पार्टी की सरकार की नई शराब नीति के चलते राज्य सरकार को 2002 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।
01:06 PM (IST) Feb 25
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा, "यह जानकर आश्चर्य होता है कि 2017-18 के बाद CAG रिपोर्ट विधानसभा में पेश नहीं की गई है। राज्य की वित्तीय स्थिति जानने के लिए यह बहुत जरूरी था। पिछली सरकार ने संविधान का उल्लंघन किया।"
12:20 PM (IST) Feb 25
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में कैग रिपोर्ट पेश की।
12:01 PM (IST) Feb 25
एलजी वीके सक्सेना ने कहा, "हमने सभी विभागों के प्रमुखों को 100 दिन की योजना और विकास कार्यों की रूपरेखा बनाने का निर्देश दिया है। कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया कि CAG रिपोर्ट विधानसभा में पेश की जाएगी। इससे पिछली सरकार की प्रशासनिक विफलताएं उजागर होंगी।"
11:19 AM (IST) Feb 25
उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने जैसे ही यमुना नदी के पुनरुत्थान की बात कही भाजपा विधायक मोदी..मोदी.. के नारे लगाने लगे। उपराज्यपाल ने कहा कि सरकार लोगों के प्रति समर्पित है। सरकार अपने वादे पूरे करेगी। भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाई जाएगी।
11:13 AM (IST) Feb 25
आम आदमी पार्टी के विधायकों द्वारा की जा रही नारेबाजी के बीच उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने भाषण शुरू किया। इस बीच नारेबाजी कर रहे विपक्षी विधायकों को मार्शल की मदद से सदन से बाहर किया गया। आप के 10 विधायक पूरे दिन के लिए निलंबित किए गए हैं। पूर्व सीएम आतिशी को भी पूरे दिन के लिए सदन से बाहर किया गया है।
11:09 AM (IST) Feb 25
दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना अभिभाषण के लिए सदन में आए हैं। उनके भाषण से पहले विपक्षी विधायकों ने नारोबाजी शुरू कर दी। इसके बाद नारेबाजी कर रहे विधायकों को बाहर निकालने का आदेश विधानसभा अध्यक्ष ने दिया।
10:48 AM (IST) Feb 25
दिल्ली विधानसभा में पेश होने जा रहे CAG रिपोर्ट पर मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा, "आज बहुत ही महत्वपूर्ण CAG रिपोर्ट आम आदमी पार्टी के भ्रष्टाचार पर आएगी। इसमें हम देखेंगे कि कितने भारी दिल्ली की जनता को लूटा गया है।"
10:11 AM (IST) Feb 25
दिल्ली विधानसभा में पेश होने वाली CAG रिपोर्ट पर भाजपा विधायक रविंदर सिंह नेगी ने कहा, "हम तैयार हैं। आज CAG रिपोर्ट पेश की जाएगी। इन्होंने (आप) जो दिल्ली के लोगों की गाढ़ी कमाई अपने प्रचार प्रसार में उड़ाई है। जिस प्रकार से गोरखधंधा किया है उसकी एक-एक पाई इनसे वसूल की जाएगी। CAG रिपोर्ट के आधार पर जांच होगी।"
09:41 AM (IST) Feb 25
CAG रिपोर्ट पर दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "आज दिल्ली विधानसभा में अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए घोटालों को उजागर करने वाली CAG रिपोर्ट पेश की जाएगी। अरविंद केजरीवाल ने पिछले 3 सालों से इसे छिपाकर रखा था। दिल्ली के साथ जो लूट की गई है उसके कच्चे चिट्ठे खुलेंगे।"
08:58 AM (IST) Feb 25
दिल्ली विधानसभा में कैग की रिपोर्ट पेश किए जाने पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "केजरीवाल अपनी करनी से गए हैं। अपने भ्रष्टाचार से गए हैं। अपने आपराधिक मानसिकता से गए हैं। अपनी धोखा देने वाली नियत से गए हैं। हम दिल्ली को सजाने में लगे हुए हैं।"
08:25 AM (IST) Feb 25
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि CAG रिपोर्ट अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप-दा पार्टी के भ्रष्टाचार को उजागर करेगी। अरविंद केजरीवाल ने जो लूटा है उसे दिल्ली की जनता को वापस किया जाएगा।
08:09 AM (IST) Feb 25
दिल्ली में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार द्वारा मंगलवार को विधानसभा में कैग की लंबित रिपोर्ट पेश करेगी। इसमें पिछली आप सरकार के दौरान मुख्यमंत्री आवास और मोहल्ला क्लीनिकों के नवीनीकरण में कथित गड़बड़ी सहित अन्य मुद्दों पर बड़ी जानकारी आने की उम्मीद है।
दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के प्रचार अभियान में मुख्यमंत्री का आवास चर्चा का विषय रहा था। भाजपा ने आप पर बंगले के पुनर्निर्माण और इसके भव्य सजावट में करोड़ों रुपए गलत तरीके से खर्च करने और भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है। भाजपा इस आवास को 'शीश महल' कहती है।