
Delhi CM Rekha Gupta Maa Vindhyavasini Darshan: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचीं। यहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ माता के दर्शन किए और देश के सभी लोगों की खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने की खबर मिलते ही परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भाजपा कार्यकर्ता भी पहुंच गए। इस दौरान सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए थे।
दोपहर करीब 2 बजे रेखा गुप्ता मंदिर पहुंचीं। उन्होंने मां विंध्यवासिनी की पूजा की और कहा कि यह धाम सदियों से करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। उन्होंने कामना की कि मां का आशीर्वाद पूरे देश और हर परिवार पर हमेशा बना रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके पति मनीष गुप्ता भी मौजूद रहे। पूजा पूरी होने के बाद दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाई। यह पल बेहद खास रहा। श्रद्धालुओं ने भी दोनों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित पावन मां विंध्यवासिनी धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर मां विंध्यवासिनी के श्रीचरणों में दर्शन किए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने समस्त देशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की… pic.twitter.com/dSYjkIMSqf— Asianetnews Hindi (@AsianetNewsHN) July 18, 2026
मीडिया से बातचीत में सीएम रेखा गुप्ता ने साफ कहा कि वह धार्मिक यात्रा पर आई हैं और इस दौरान सिर्फ मंदिर और आस्था से जुड़ी बातें ही करेंगी। उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी प्रार्थना यही है कि देश में सुख-शांति बनी रहे और सभी लोग स्वस्थ और खुशहाल रहें।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुबह से ही उत्साह का माहौल था। दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कई महिला कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचीं, लेकिन भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के कारण अधिकांश लोग उनसे सीधे मुलाकात नहीं कर सके। कई लोगों ने दूर से ही उनका अभिवादन किया।
रेखा गुप्ता के स्वागत के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, सदर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, मंत्री रविंद्र जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।