Delhi EV Policy: दिल्ली की सड़कों पर उतरेंगी 150 नई इलेक्ट्रिक बसें, 5 नए चार्जिंग स्टेशन भी तैयार

Published : Oct 13, 2026, 10:06 AM IST
Delhi electric buses (File Photo/ANI)

सार

दिल्ली सरकार शहर के पब्लिक ट्रांसपोर्ट को और बेहतर बनाने जा रही है। जल्द ही 150 नई इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर दौड़ेंगी और 5 नए पब्लिक ईवी चार्जिंग स्टेशन भी शुरू किए जाएंगे।

नई दिल्ली। दिल्ली वालों के सफर को और भी आरामदायक बनाने के लिए दिल्ली सरकार 150 नई जीरो-एमिशन इलेक्ट्रिक बसें शुरू करने जा रही है। इसके साथ ही शहर में 5 नए पब्लिक इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग स्टेशन भी शुरू होंगे। ये स्टेशन स्वामी विवेकानंद ISBT आनंद विहार और चार DTC डिपो (नंद नगरी, रोहिणी सेक्टर-37, नांगलोई और केशोपुर) में बनाए गए हैं। सरकार का यह कदम दिल्ली के पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को मजबूत करने और शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा फैसला है।

एक प्रेस रिलीज के मुताबिक, इन 150 नई बसों के आने के बाद दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या 5,238 हो जाएगी। फिलहाल दिल्ली में कुल 6,988 बसें चल रही हैं, जिनमें 1,750 CNG बसें भी शामिल हैं। इलेक्ट्रिक बसों के मामले में दिल्ली पूरे देश में सबसे आगे है और सरकार लगातार इस बेड़े को बढ़ा रही है। सरकार का टारगेट है कि वित्तीय वर्ष 2028-29 तक दिल्ली में बसों की कुल संख्या करीब 14,000 तक पहुंच जाए। इससे न सिर्फ लोगों को सफर में आसानी होगी, बल्कि शहर का पर्यावरण भी साफ रहेगा।

ये सभी नई बसें लो-फ्लोर और पूरी तरह से एयर-कंडीशंड (AC) हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इनमें CCTV कैमरे, पैनिक बटन और रियल-टाइम ट्रैकिंग जैसी मॉडर्न सुविधाएं दी गई हैं। इसके अलावा, ये बसें दिव्यांगों के लिए भी काफी सुविधाजनक हैं।

दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों की बढ़ती संख्या इस बात का सबूत है कि सरकार दिल्ली वालों को एक सुरक्षित, आरामदायक और प्रदूषण मुक्त पब्लिक ट्रांसपोर्ट देने के लिए पूरी तरह से कमिटेड है। ईवी चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करने के लिए दिल्ली ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (DTIDC) ने आनंद विहार के स्वामी विवेकानंद ISBT में एक हाई-कैपेसिटी वाला पब्लिक EV चार्जिंग स्टेशन बनाया है।

आपको बता दें कि आनंद विहार ISBT एक बड़ा इंटरस्टेट ट्रांसपोर्ट हब है। यहां से रोजाना करीब 1.25 लाख यात्री सफर करते हैं और औसतन 2,300 बसें यहां से गुजरती हैं। इनमें DTC, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC), उत्तराखंड परिवहन निगम और ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली बसें शामिल हैं।

इसके अलावा, DTC ने चार और जगहों- नंद नगरी डिपो, रोहिणी सेक्टर-37 डिपो, नांगलोई डिपो और केशोपुर डिपो में भी पब्लिक EV चार्जिंग स्टेशन बनाए हैं। आने वाले समय में DTC की कई और जगहों पर भी ऐसे हाई-कैपेसिटी वाले चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं, ताकि इलेक्ट्रिक बसों और दूसरे ईवी वाहनों को चार्ज करने में कोई दिक्कत न हो। परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा,

150 नई इलेक्ट्रिक बसों का आना और पब्लिक EV चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार दिल्ली के लिए एक बड़ा मील का पत्थर है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट और चार्जिंग नेटवर्क दोनों को मजबूत करके, दिल्ली सरकार शहरी सफर को ज्यादा आरामदायक और पर्यावरण के अनुकूल बना रही है। हमारा पूरा फोकस एक ऐसा फ्यूचर-रेडी ट्रांसपोर्ट सिस्टम बनाने पर है, जो यात्रियों की जरूरतें पूरी करने के साथ-साथ 'ग्रीन दिल्ली' के विजन को भी साकार करे।

PREV

दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Shardiya Navratri 2026: मां चंद्रघंटा के चरणों में CM रेखा गुप्ता का कोटि-कोटि प्रणाम, देश के लिए मांगा आशीर्वाद
Delhi Cleanliness Drive: मालवीय नगर में मेयर प्रवेश वाही ने खुद लगाई झाड़ू, चलाया सफाई अभियान