
दिल्ली सरकार ने राजधानी की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित व्यय वित्त समिति (EFC) की बैठक में 657 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 270 किलोमीटर से ज्यादा सड़कों के सुदृढ़ीकरण को मंजूरी दी गई। इस योजना के तहत पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों का पुनर्निर्माण और उन्नयन किया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना भी है। इससे लाखों लोगों को बेहतर सड़क नेटवर्क का लाभ मिलेगा।
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि दिल्ली में पहली बार जोनवार कॉम्पोजिट टेंडर प्रणाली लागू की जाएगी। इसके तहत सड़क निर्माण और रखरखाव से जुड़े कार्यों को एकीकृत तरीके से किया जाएगा, जिससे जवाबदेही बढ़ेगी और काम की गुणवत्ता पर बेहतर नियंत्रण रखा जा सकेगा।
सरकार ने ठेकेदारों के लिए पांच वर्ष की डिफेक्ट लाइबिलिटी अवधि तय की है। इसके अलावा सड़क पर गड्ढा बनने की स्थिति में 48 घंटे के भीतर मरम्मत सुनिश्चित करने का प्रावधान भी किया गया है, ताकि लोगों को लंबे समय तक खराब सड़कों का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित व्यय वित्त समिति (EFC) की बैठक में ₹657 करोड़+ की लागत से 270 किमी से ज्यादा सड़कों के सुदृढ़ीकरण तथा राजधानी में पहली बार जोनवार कॉम्पोजिट टेंडर प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया गया।
🟠 पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली के… pic.twitter.com/a8QoG8BvZw— CMO Delhi (@CMODelhi) June 24, 2026
सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सीएसआईआर-सीआरआरआई (CSIR-CRRI) और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) द्वारा स्वतंत्र गुणवत्ता ऑडिट कराया जाएगा। इससे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी होगी और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
वहीं, धूल और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए आयोग फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) के पर्यावरणीय मानकों का सख्ती से पालन किया जाएगा। बैठक में लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सरकार का मानना है कि यह परियोजना राजधानी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधाएं देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।