Delhi Election BJP celebrations: पीएम मोदी बोले-एक दशक की आप-दा से दिल्ली मुक्त हुई

Published : Feb 08, 2025, 06:31 PM ISTUpdated : Feb 08, 2025, 08:57 PM IST
PM Modi at BJP headquarter after Delhi win

सार

केंद्र में सरकार बनाने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने पहली बार दिल्ली पर फतह किया है। शनिवार को चुनाव नतीजे आने के बाद पीएम मोदी बीजेपी हेडक्वार्टर पहुंचे।

Delhi Election results 2025: दिल्ली में 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने जा रही है। लगातार तीन बार सत्ता संभालने वाली आप इस बार चुनाव में बहुमत से काफी पीछे रह गई। बीजेपी ने 70 सीटों में 48 सीटों पर जीत हासिल कर प्रचंड बहुमत के साथ वापसी की है। केंद्र में सरकार बनाने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने पहली बार दिल्ली पर फतह किया है। शनिवार को चुनाव नतीजे आने के बाद पीएम मोदी बीजेपी हेडक्वार्टर पहुंचे। यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। पीएम मोदी ने इस जीत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

दिल्ली विधानसभा चुनाव जीत के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज दिल्ली में, दिल्ली में लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को आप-दा से मुक्त कराने का है। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने 21वीं सदी में विकसित भारत की राजधानी बनाने के लिए यह जीत दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली वासियों का सिर झुकाकर नमन करता हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि इस जीत रूपी प्यार को हम सवा गुना करके विकास के रूप में लौटाएंगे। यह जीत हम पर आपका कर्ज है और दिल्ली की डबल इंजन सरकार, दिल्ली का तेजी से डबल विकास कर चुकाएंगी। यह सामान्य विजय नहीं है। दिल्ली की जनता ने आप-दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की आप-दा से दिल्ली मुक्त हुई है।

राजनीति में झूठ और फरेब की कोई जगह नहीं

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस नतीजे ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, उनका परिश्रम विजय को चार चांद लगा देता है। आप सभी कार्यकर्ता इस विजय के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो भी गया। दिल्ली के जनादेश से यह भी स्पष्ट है कि राजनीति में शार्टकट के लिए झूठ और फरेब के लिए, कोई जगह नहीं है। जनता ने झूठ और फरेब की राजनीति का शार्टसर्किट कर दिया। दिल्ली के लोगों ने लोकसभा के चुनाव में मुझे कभी भी निराश नहीं किया। 2014, 2019 और 2024 के चुनाव में दिल्ली ने बीजेपी को भव्य विजयी बनाया।

वह कसक अब पूरी हुई

पीएम मोदी ने कहा कि तीन-तीन बार शत प्रतिशत विजय के बाद भी दिल्ली में विधानसभा चुनाव में जीत न मिल पाने की हमारे कार्यकर्ताओं में एक कसक थी। आज दिल्ली ने हमारा आग्रह मान लिया। दिल्ली की युवा पीढ़ी, 21वीं सदी में पैदा हुए साथी, अब पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे। आज के नतीजे दिखाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के लिए देश में कितना भरोसा है। लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। आज दिल्ली में नया इतिहास रच गया है।

पूर्वांचल का जताया विशेष आभार

पीएम मोदी ने कहा कि आज के नतीजों का एक और सच भी है। यह दिल्ली मिनी हिन्दुस्तान है। दिल्ली एक भारत-श्रेष्ठ भारत के दर्शन को जीती है। दिल्ली में दक्षिण भारत के लोग भी हैं, पश्चिम भारत के लोग भी हैं, पूर्वी भारत के लोग भी हैं। दिल्ली विविधता वाला राज्य। दिल्ली का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, ऐसा वर्ग नहीं जहां कमल न खिला हो। हर भाषा, हर राज्य के लोगों ने दिल्ली में बीजेपी के कमल निशान पर वोट किया। इस चुनाव में मैं जहां भी गया, मैं गर्व से कहता था कि मैं तो पूर्वांचल से सांसद हूं। पूर्वांचल से मेरा अपनेपन का रिश्ता है। पूर्वांचल के लोगों ने इस रिश्ते को प्यार की विश्वास की नई उर्जा दे दी, नई ताकत दे दी। इसलिए मैं पूर्वांचल के लोगों का, पूर्वांचल के सांसद के नाते विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं।

मिल्कीपुर जीत पर जतायी खुशी

पीएम ने कहा कि आज दिल्ली के विजय उत्सव के साथ अयोध्या के मिल्कीपुर में भी भाजपा को जानदार जीत मिली है। हर वर्ग ने भारी संख्या में बीजेपी के लिए मतदान किया है, अभूतपूर्व विजय दिया है। आज देश तुष्टिकरण नहीं बल्कि भाजपा के संतुष्टिकरण की पॉलिसी को चुन रहा है। दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली के लोगों का बहुत नुकसान किया है। आज दिल्ली के विकास के सामने से एक बड़ी रूकावट दिल्लीवासियों ने दूर कर दी है।

देखें PM Modi Live

हमारी सरकारों को दूसरी बार, तीसरी बार सत्ता मिल रही

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दिल्ली ने नौटंकी से छुटकारा पाया है। गवर्नेंस नौटंकी का मंच नहीं है। हम दिल्ली के लोगों की सेवा में दिन रात एक कर देने वाले लोग हैं। पूरा देश जानता है कि जहां एनडीए है वहां सुशासन है, विकास है, विश्वास है। एनडीए का हर कैंडिडेट, हर जनप्रतिनिधि लोगों के हित में काम करता है। देश में एनडीए को जहां भी जनादेश मिला है, हमने उस राज्य को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। इसलिए भाजपा को लगातार जीत मिल रही है। लोग हमारी सरकारों को दूसरी बार, तीसरी बार चुन रहे हैं। उत्तराखंड, हरियाणा, यूपी, एमपी में, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, बिहार में, असम, अरुणाचल, मणिपुर में...हर राज्य में हमें दोबारा सत्ता मिली है। यहां दिल्ली के बगल में यूपी है। एक जमानो में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था कितनी बड़ी चुनौती थी और सबसे बड़ा चैलेंज नारी शक्ति के लिए होता था, यूपी में दिमागी बुखार का कहर था, हमने इनका अंत करने के लिए संकल्प पत्र के साथ काम किया।

अन्ना हजारे के दु:ख का भी अंत हुआ

पीएम मोदी ने कहा कि आज अन्ना हजारे जी को सुन रहा था। वह काफी समय से आप-दा वालों से पीड़ित थे। आज श्रीमान् अन्ना हजारे को भी उस दु:ख से मुक्ति मिली। जिस पार्टी की नींव भ्रष्टाचार के खिलाफ पड़ी, उसका मुख्यमंत्री मंत्री तक भ्रष्टाचार के मामले में जेल गए। उन्होंने कहा कि आप-दा वाले रोज-ब-रोज एक नया बहाना अपने घोटालों को छिपाने में बनाते थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की नई सरकार अपने पहले सत्र में सीएजी की रिपोर्ट पेश करेगी। जिसने भी लूटा है, उसे वापस करना होगा।

कांग्रेस परजीवी पार्टी बन चुकी

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को भी एक बड़ा संदेश मिला है। देश की राजधानी में देश की सबसे पुरानी पार्टी का खाता नहीं खुल रहा है। यह लोग खुद को पराजय का गोल्ड मेडल खुद को देते फिर रहे हैं। कांग्रेस पर देश बिल्कुल भरोसा करने को तैयार नहीं है। कांग्रेस एक परजीवी पार्टी बन चुकी है। यह खुद तो डुबती है अपने साथियों को भी डुबाती है। कांग्रेस एक के बाद एक अपने सहयोगियों को खत्म कर रही है। आज की कांग्रेस अपने सहयोगियों की भाषा और एजेंडा को चुराने में लगी हुई है। उनके मुद्दे चुराती है और वोट बैंक में सेंध मारती है। यूपी में कांग्रेस उस वोटबैंक को छीनने की कोशिश कर रही है, जिस पर समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी अपना हक समझती है। तमिलनाडु में डीएमके के वोट बैंक को चुरा रही। बिहार में कांग्रेस जातिवाद का जहर फैलाकर आरजेडी की जमीन को खाने में जुट गई है। जम्मू-कश्मीर और बंगाल में भी कांग्रेस ने अपने सहयोगियों का बुरा हाल किया है। आज दिल्ली में भी साफ हो गया कि जो भी कांग्रेस का हाथ थामता है उसका बंटाधार होता है।

 

 

कांग्रेस अर्बन-नक्सल की राजनीति कर रही

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस अर्बन नक्सलियों की राजनीति कर रही है। कांग्रेस के नेता जब कहते हैं कि वह भारत से लड़ रहे हैं तो वह देश से लड़ रहे हैं। कांग्रेस भी अर्बन-नक्सली सोच को आगे बढ़ा रही है। कांग्रेस में अर्बन-नक्सलियों का डीएनए घुस गया है। इसलिए वह हर कदम पर बर्बाद हो रही है। देश के नौजवानों को अपना आग्रह दोहराता हूं। मैंने एक लाख नौजवानों को राजनीति में लाना चाहता हूं। अच्छे नौजवान, बेटे-बेटियां अगर राजनीति में नहीं आएंगे तो ऐसे लोग राजनीति पर कब्जा कर लेंगे जिनको राजनीति में नहीं आना चाहिए। सफलता-असफलता अपनी जगह पर है लेकिन देश को धूर्तता और मूर्खता की राजनीति नहीं चाहिए। एक तरफ धूर्तता है तो दूसरी तरफ मूर्खता है। देश का युवा अगर राजनीति में नहीं आएगा तो देश धूर्तता और मूर्खता की राजनीति में फंस जाएगा।

यह भी पढ़ें:

Delhi Election Results 2025: दिल्ली की 10 मुस्लिम बहुल सीटों में किसने मारी बाजी, BJP-AAP को कितनी सीट मिलीं

PREV

दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

10 फोटो में देखें एयरपोर्ट पर यात्रियों का संघर्ष, फुटपाथ पर सोने को मजबूर फ्लाइट वाले VIP
Delhi School Admission 2026: नर्सरी-1st फॉर्म शुरू, 7 डॉक्यूमेंट जरूरी