Delhi Art Exhibition: दिल्ली सचिवालय में सजी भगवान राम के जीवन पर शानदार प्रदर्शनी, कलाकारों का हुआ सम्मान

Published : Oct 19, 2026, 07:53 PM IST
Delhi Minister Kapil Mishra (Photo: Kapil Mishra Office)

सार

दिल्ली सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग ने मेघवर्ण आर्ट गैलरी के साथ मिलकर दिल्ली सचिवालय में भगवान राम पर आधारित एक भव्य कला प्रदर्शनी लगाई है। यह प्रदर्शनी 30 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें देशभर के कलाकारों ने रामकथा को कैनवस पर उतारा है।

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति और भाषा विभाग ने मेघवर्ण आर्ट गैलरी के साथ मिलकर एक शानदार पहल की है। दिल्ली सचिवालय में 'श्री राम, मानवता के मार्गदर्शक' थीम पर एक भव्य कला प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह प्रदर्शनी 30 अक्टूबर तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी। यहां आने वाले लोग भगवान राम के जीवन, उनके आदर्शों और रामायण के अलग-अलग प्रसंगों को खूबसूरत पेंटिंग्स के जरिए देख सकेंगे।

कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय से एक प्रेस रिलीज जारी की गई है। इसके मुताबिक, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस प्रदर्शनी में हिस्सा लेने वाले सभी कलाकारों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान राम के जीवन पर इतनी शानदार पेंटिंग्स बनाने के लिए कलाकारों की जमकर तारीफ की।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दुर्गा नवमी के शुभ अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मां दुर्गा से सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि हमारे कलाकार अपनी कला के जरिए भारत की सांस्कृतिक विरासत और भगवान राम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं, जो वाकई काबिले तारीफ है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री कपिल मिश्रा ने भी दुर्गा नवमी की बधाई दी। उन्होंने मां जगदंबा से सबकी मनोकामनाएं पूरी करने की प्रार्थना की। कपिल मिश्रा ने आयोजकों और उनकी पूरी टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। साथ ही, उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने वाली रचना और सभी कलाकारों की मेहनत को भी सराहा।

कपिल मिश्रा ने अपने संबोधन में बताया कि देशभर के अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों ने अपनी पेंटिंग्स के जरिए भगवान राम के जीवन को जीवंत कर दिया है। खास बात यह है कि इन कलाकृतियों को पहले श्री राम जन्मभूमि में भी प्रदर्शित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर तक चलने वाली यह प्रदर्शनी लोगों को भारतीय संस्कृति और राम के आदर्शों से जुड़ने का एक बेहतरीन मौका दे रही है।

कपिल मिश्रा ने कहा, "यह भगवान श्री राम को समर्पित एक कार्यक्रम है, जिसे राम भक्तों ने ही आयोजित किया है। धार्मिक परंपराओं और आस्था का सम्मान करते हुए ऐसे कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ होने चाहिए।" उन्होंने आगे कहा कि भगवान राम के आदर्श, मर्यादा और राष्ट्रधर्म हमारी शानदार सांस्कृतिक परंपरा का अहम हिस्सा हैं। ऐसी पहल हमारी आने वाली पीढ़ियों को देश की संस्कृति और मानवीय मूल्यों से जोड़े रखने में मदद करती है।

दिल्ली में हो रही दुर्गा पूजा का जिक्र करते हुए कपिल मिश्रा ने बताया कि राजधानी में पूजा समितियां पूरे जोश और भक्ति के साथ भव्य आयोजन कर रही हैं। खुद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इन तैयारियों पर नजर रख रही हैं। दिल्ली सरकार भी यह सुनिश्चित कर रही है कि मूर्ति विसर्जन के दिन श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो और सारे कार्यक्रम शांति से संपन्न हों। इस प्रदर्शनी में भगवान राम और हनुमान के जीवन से जुड़े कई प्रसंगों को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है। कलाकारों ने अपनी पेंटिंग्स के जरिए राम के जीवन के सफर, उनके वनवास और रामायण के कई अहम दृश्यों को कैनवस पर उकेरा है।

इस मौके पर कला और संस्कृति के क्षेत्र में बेहतरीन काम करने वाले कलाकारों को शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और बढ़ावा देने में उनके योगदान के लिए दिया गया। इस पूरे कार्यक्रम का मुख्य मकसद समाज में भगवान राम के जीवन से प्रेरणा लेना है। साथ ही, सच्चाई, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, करुणा और मानवता जैसे मूल्यों को बढ़ावा देना है, ताकि हमारी कला और संस्कृति हमेशा जिंदा रहे।

PREV

दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Delhi Biogas Plant: सीएम रेखा गुप्ता ने गोयला डेयरी में किया बायोगैस प्लांट का उद्घाटन, 6 और बनेंगे
Delhi News: CM रेखा गुप्ता की पहल, महिला शिक्षकों के लिए पहली बार खास गरबा