आप के पूर्व विधायक जरनैल सिंह का कोरोना से निधन,CM अरविंद केजरीवाल ने जताया शोक

जरनैल सिंह 2014 के विधानसभा चुनाव में राजौरी गार्डन से विधायक चुने गए थे। पंजाब में चुनाव लड़ रही आप ने उनको चेहरा बनाकर वहां भेजा और उन्होंने विधान सभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। चुनाव हारने के बाद उनको दिल्ली में पंजाबी अकादमी का उपाध्यक्ष चुना गया। 2020 के चुनाव में हालांकि पार्टी ने उनको टिकट नहीं दिया था। 
 

Asianet News Hindi | Published : May 14, 2021 6:29 AM IST / Updated: May 14 2021, 12:09 PM IST

नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी के नेता और राजौरी गार्डन से पूर्व विधायक जरनैल सिंह का निधन हो गया है। वह कोरोना से संक्रमित थे, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। जिसकी आधिकारिक पुष्टि शुक्रवार को हुई। 

पी चिदंबरम पर जूता फेंककर चर्चा में आए थे जरनैल सिंह
तत्कालीन गृह मंत्री पी चिदंबरम पर जूता फेंककर जरनैल सिंह चर्चा में आए थे। इसके बाद ही उन्होंने आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव भी लड़ा और जीत मिली। इससे पहले जरनैल सिंह 1984 के दंगों का विरोध कर अपनी अलग पहचान बनाई थी।

जरनैल सिंह राजनीतिक सफर
जरनैल सिंह 2014 के विधानसभा चुनाव में राजौरी गार्डन से विधायक चुने गए थे। पंजाब में चुनाव लड़ रही आप ने उनको चेहरा बनाकर वहां भेजा और उन्होंने विधान सभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। चुनाव हारने के बाद उनको दिल्ली में पंजाबी अकादमी का उपाध्यक्ष चुना गया। 2020 के चुनाव में हालांकि पार्टी ने उनको टिकट नहीं दिया था। 

2020 में विवादों के चलते हुए थे पार्टी से सस्पेंड
अगस्त 2020 में आम आदमी पार्टी ने जरनैल सिंह को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था। इसका फैसला पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति में लिया गया था। बताया जाता है कि जरनैल सिंह ने हिंदू देवी-देवताओं को लेकर फेसबुक पर टिप्पणी कर दी थी। इसे लेकर जमकर विवाद हुआ था। इसके बाद आप ने उन्‍हें यह कहकर पार्टी से निकाल दिया था कि आम आदमी पार्टी एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी है और पार्टी में ऐसे किसी व्‍यक्ति के लिए जगह नहीं है, जो किसी धर्म का सम्मान न करता हो, बाद में जरनैल सिंह ने अपनी पोस्ट डिलीट कर दी थी और कहा था कि वो पोस्ट उनके फोन से उनके बेटे ने की थी।

सीएम केजरीवाल ने जताय शोक
दिल्ली के मु्ख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पूर्व विधायक जरनैल सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने ट्वीट कर लिखा है कि दिल्ली के पूर्व विधायक जरनैल सिंह के असामयिक निधन से गहरा दुख हुआ। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। समाज में उनके योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

मनीष सिसोदिया ने कहा-चली गई बुलंद आवाज 
केजरीवाल सरकार में मंत्री मनीष सिसोदिया ने भी जरनैल सिंह के निधन पर दु:ख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि दिल्ली विधानसभा में अपने पूर्व साथी जरनैल सिंह के निधन का समाचार हम सबके लिए दुखद है। 1984 के नरसंहार के पीड़ित परिवारों के न्याय के लिए लड़ने वाली एक बुलंद आवाज हमारे बीच से चली गई। ईश्वर उन्हें अपने चरणों में जगह दे।

Share this article
click me!