
नयी दिल्ली। जस्टिस संजय कुमार मिश्रा को शुक्रवार को झारखंड उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को ट्विटर पर नई नियुक्ति की घोषणा की और उन्हें शुभकामनाएं दी। बीते महीनों सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की ओर से केंद्र सरकार को झारखंड हाईकोर्ट चीफ जस्टिस पद के लिए उत्तराखंड हाईकोर्ट के सबसे वरिष्ठ जस्टिस संजय कुमार मिश्रा के नाम की सिफारिश भेजी गयी थी। केंद्र सरकार ने उसे मंजूरी दे दी है।
अपर प्राइमरी स्कूल में स्कूली शिक्षा
आपको बता दें कि कोलेजियम ने झारखंड के मुख्य न्यायाधीश पद के लिए जस्टिस संजय कुमार मिश्रा के नाम की मंजूरी दी थी। वह मूलत: ओडिशा के रहने वाले हैं। उनका जन्म 29 दिसम्बर 1961 को हुआ था। टिकरा अपर प्राइमरी स्कूल में उन्होंने स्कूली शिक्षा ग्रहण की। पृथ्वीराज हाई स्कूल से वर्ष 1977 में हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा बोलांगीर से उत्तीर्ण की। बोलांगीर के राजेंद्र कॉलेज से 1982 में बीकॉम (ऑनर्स) पूरा किया। दिल्ली विश्वविद्यालय से एम. कॉम 1984 में पूरा करने के बाद 1987 में एलएलबी, विधि संकाय दिल्ली विश्वविद्यालय से पूरा किया।
जिला एवं सत्र न्यायधीशों की भर्ती में पहला स्थान
जस्टिस संजय कुमार मिश्रा मार्च 1988 से वकालत के पेशे में शामिल हुए। अपने पिता मार्कंडेय मिश्रा के गाइडेंस में बोलांगीर जिला न्यायालय में प्रैक्टिस शुरू किया। स्वतंत्र रूप से कई मामलों, सिविल अपीलों, सिविल सूट केस लड़ा। उसके बाद जिला न्यायाधीशों की भर्ती परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया। 16 फरवरी 1999 को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, जयपुर के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुंदरगढ़, ढेंकनाल, विशेष न्यायाधीश (सीबीआई), भुवनेश्वर के रूप में भी काम किया। ओडिशा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के पद पर भी रहे। सात अगस्त 2009 को ओडिशा हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत हुए। संजय कुमार मिश्रा उत्तराखंड हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस भी रह चुके हैं।
Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.