धर्म छिपाकर सातवीं शादी कर रहे असलम की वरमाला के बाद खुली पोल तो हुआ फरार, खुद को बताता था पुलिस अफसर

अंधेड़ असलम खान अपना नाम बदलकर व धर्म छिपाकर एक नाबालिग लड़की से शादी कर रहा था। रस्मों के दौरान उसकी पोल खुल गयी। पहले भी वह धर्म छिपाकर छह शादियां कर चुका है।

 

Contributor Asianet | Published : Feb 2, 2023 12:58 PM IST

बोकारो। हरला इलाके में विवाह समारोह चल रहा था। एक अंधेड़ व्यक्ति खुद को पुलिस अफसर बताकर एक नाबालिग के साथ शादी रचा रहा था। रस्में निभायी जा रही थीं। तभी एकाएक दुल्हे की पोल खुल गयी। पता चला कि खुद को संजय कसेरा बताने वाले व्यक्ति का नाम असलम खान है और वह धर्म बदलकर शादी कर रहा है। मौके की नजाकत भांपकर दूल्हा बना असलम फरार हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके पहले वह अपना नाम बदलकर व धर्म छिपाकर आदिवासी, हिंदू व मुस्लिम लड़कियों से छह शादियां कर चुका है।

ये है मामला?

दरअसल, बीते 7- 8 दिसंबर की रात हरला इलाके में एक नाबालिग लड़की से असलम के शादी की रस्में चल रही थीं। वरमाला की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। इसी बीच लड़की पक्ष को दूल्हे की असलियत का पता चल गया। पुलिस को मामले की जानकारी दी गयी, तब तक असलम अपनी गाड़ी से फरार हो चुका था। उसकी दूसरी कार वहीं रह गई। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया था। पीड़िता की शिकायत पर असलम के खिलाफ पुलिस अफसर बनकर और डरा-धमकाकर शारीरिक संबंध बनाने, धर्म छिपाकर शादी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अफसर बताकर जमाता था धौंस

असलम खुद को पुलिस अफसर बताकर लोगों पर धौंस जमाता था। उसने लड़की पक्ष के लोगों को बताया था कि उसकी तैनाती लातेहार में है, कसेरा परिवार से आता है और अनाथ है। वह शादी समारोह से ठीक पहले पुलिस की वर्दी पहनकर शहर के राउंड पर भी निकला था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस अफसर बनकर वह लोगों से पैसा भी वसूलता था।

कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे

असलम खान की उम्र 50 वर्ष है। वह भूली, धनबाद का निवासी है। पुलिस ने उसे रांची के रातु के अलकमर कालोनी से अरेस्ट किया। वहां भी वह अपना नाम बदलकर रह रहा था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक 2021 में असलम चास जेल में निरूद्ध था। उसके खिलाफ धनबाद, तोपचाची और चास के अलावा कई थानों में मुकदमें दर्ज है।

Share this article
click me!