
रांची। झारखंड में हो रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार को मतदान हुआ। यहां दो चरण में चुनाव हो रहे हैं। दूसरे चरण की वोटिंग 20 नवंबर को होगी। राज्य में विधानसभा की 81 सीटें हैं। पहले चरण में 43 सीटों पर वोटिंग हुई।
पहले चरण में झारखंड के 1.37 करोड़ मतदाता वोट डालने के पात्र थे। इन्होंने 683 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला किया। उम्मीदवारों में 609 पुरुष, 73 महिला और 1 अन्य हैं। मतदाताओं में 68.73 लाख पुरुष, 68.36 लाख महिला और 303 थर्ड जेंडर हैं। 85 साल से अधिक उम्र के वोटर की संख्या 63,601 है। 18-19 साल के 6.51 लाख युवा मतदान के पात्र थे। चुनाव आयोग ने 15,344 मतदान केंद्र बनाए। इनमें से 12,716 ग्रामीण और 2,628 शहरी क्षेत्र में थे। 1152 मतदान केंद्र पर महिलाओं ने चुनाव कराया।
झारखंड चुनाव के पहले चरण में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, गीता कोड़ा (पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी) और पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास की बहू पूर्णिमा दास प्रमुख चेहरे हैं।
भाजपा उम्मीदवार चंपई सोरेन सरायकेला सीट से चुनावी मैदान में हैं। चंपई 2005 से यहां से विधायक हैं। जनवरी 2024 में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद चंपई मुख्यमंत्री बने थे। बाद में जेएमएम छोड़कर भाजपा में आ गए। उनका मुकाबला झामुमो के गणेश महली से है। पूर्व सीएम मधु कोड़ा की पत्नी भाजपा प्रत्याशी गीता कोड़ा जगन्नाथपुर में कांग्रेस नेता सोना राम सिंकू के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।
रांची सीट पर झामुमो की महुआ माजी भाजपा के सीपी सिंह को चुनौती दे रही हैं। जमशेदपुर पूर्व में कांग्रेस उम्मीदवार अजय कुमार का मुकाबला झारखंड के रघुबर दास की बहू पूर्णिमा दास साहू से है। जमशेदपुर पश्चिम में कांग्रेस के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का मुकाबला जेडी(यू) नेता सरयू रॉय से है।
यह भी पढ़ें- झारखंड चुनाव 2024: कांग्रेस-झामुमो-RJD पर CM योगी का हमला, BJP को बताया हल
झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।