12 Years of Modi Government: 2029 में फिर PM मोदी, गुफा मंदिर से CM मोहन यादव का बड़ा संकल्प

Published : Jun 10, 2026, 11:52 AM IST
mohan yadav prayer for pm modi fourth term 2029 at bhopal gufa mandir

सार

MP News: क्या 2029 में फिर प्रधानमंत्री बनेंगे नरेंद्र मोदी? दक्षिण भारत को लेकर CM मोहन यादव ने क्या बड़ा दावा किया? कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर क्यों उठाए सवाल? पीएम मोदी के 12 साल पूरे होने पर दिए गए इन बयानों ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को भोपाल स्थित गुफा मंदिर पहुंचे। यहां आयोजित हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया और प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं लंबे सार्वजनिक जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने भगवान महाकाल से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2029 में भी देश का नेतृत्व करें और पुनः प्रधानमंत्री बनें।

मोदी ने तोड़ा नेहरू का रिकॉर्ड, भाजपा-एनडीए का बढ़ा दायरा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का जो रिकॉर्ड पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि आज देश के 17 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जबकि 22 राज्यों में एनडीए का शासन है। यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचने वाले प्रधानमंत्री मोदी ने समाज के हर वर्ग के विकास और कल्याण को प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में देश ने अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।

2029 के चुनाव को लेकर जताया भरोसा, दक्षिण भारत में विस्तार का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का समर्थन और विश्वास भारतीय जनता पार्टी को वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए और अधिक संकल्पित बना रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी चौथी बार भी देश का नेतृत्व करेंगे और सुशासन की दिशा में चल रहे कार्यों को नई गति देंगे।

डॉ. यादव ने धार्मिक संदर्भ देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम द्वारा लंका विजय के बाद ही हनुमान जी का प्रेम और समर्पण व्यापक रूप से सामने आया था। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में अभी भाजपा का विस्तार होना बाकी है और भगवान राम तथा हनुमान जी की कृपा से पार्टी वहां भी सफलता हासिल करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में मजबूत हुआ सुशासन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शासन व्यवस्था को जनकल्याण केंद्रित बनाते हुए विभिन्न योजनाओं और नीतियों को एक सूत्र में पिरोया है। उनके नेतृत्व में देश में सुशासन को मजबूती मिली है और विकास कार्यों को नई दिशा प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर भी मजबूत नेतृत्व का परिचय दिया है और देश के हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री मोदी को भविष्य में भी सफलता और ऊर्जा मिलती रहे।

कांग्रेस पर साधा निशाना, आंतरिक कलह का किया जिक्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि हाल के चुनावी घटनाक्रमों में कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियों को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में वे तथ्य सार्वजनिक हो गए। उन्होंने दावा किया कि संबंधित सीट पर कांग्रेस के कई नेता टिकट के दावेदार थे। टिकट वितरण को लेकर असंतोष के कारण पार्टी के भीतर की नाराजगी सामने आई और कई जानकारियां सार्वजनिक हो गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे कांग्रेस की आंतरिक स्थिति और उसकी कार्यप्रणाली भी उजागर हुई है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

PM Modi's 12 years: कैसे बदला भारत? सेवा-सुशासन की पूरी कहानी
Rajya Sabha Election 2026: मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, CM मोहन यादव ने कांग्रेस को घेरा