
Madhya Pradesh Netock Farmers Conference: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंचेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों और नागरिकों के लिए बैठक, पेयजल, स्वच्छता और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अमित शाह भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन में प्रदेश के 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्य शामिल होंगे। भोपाल के अलावा सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम सहित कई जिलों से प्रतिभागियों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
सम्मेलन स्थल पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह न्याय संहिता पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन करेंगे। इसके बाद वे गोपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न विभागों की योजनाओं और कामकाज से जुड़े प्रस्तुतिकरण भी रखे जाएंगे।
दौरे के दौरान मध्य प्रदेश में डेयरी और दुग्ध प्रसंस्करण से जुड़ी कई परियोजनाओं की सौगात प्रस्तावित है। इनमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला डेयरी प्लांट और भोपाल में फर्मेंटेड प्रोडक्ट मिल्क प्लांट शामिल है। इसके अलावा भोपाल पश्चिमी बायपास का भूमिपूजन भी प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में भोपाल और इंदौर दुग्ध संघों से जुड़े पशुपालकों को बोनस राशि वितरित करने के साथ गोशालाओं के लिए आर्थिक सहायता देने की योजना है। वहीं गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा और उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी दिए जाएंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह भोपाल बायपास-भौरी के पास आईआईएसईआर परिसर का शिलान्यास करेंगे। परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी प्रस्तावित है। इसके साथ ही प्रदेश में चल रहे कृषक कल्याण वर्ष और बलराम कृषि महोत्सव के तहत हुई गतिविधियों की जानकारी भी केंद्रीय मंत्री को दी जाएगी।
कार्यक्रम में गृह विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सहकारिता विभाग, लोक निर्माण विभाग और परिवहन विभाग की ओर से अपने कार्यों और योजनाओं का प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। प्रस्तावित दौरे में डेयरी क्षेत्र, पशुपालन, सहकारिता और बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं पर विशेष फोकस रहेगा।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।