
भोपाल/पटना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक डॉ. मोहन यादव ने 8 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव में कई जगहों पर जबरदस्त जनसभाएं कीं। उन्होंने बांका जिले की बेलहर, मोतिहारी जिले की पिपरा और गया जिले की बोधगया विधानसभा में NDA प्रत्याशियों के लिए जनता से समर्थन मांगा। सीएम यादव ने लोगों से कहा कि केवल NDA ही बिहार के सपनों को साकार कर सकती है।
सीएम यादव ने कहा कि ये चुनाव सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि धर्म और अधर्म की लड़ाई है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा “कांग्रेस के पप्पू को पता है चुनाव बिहार में है, लेकिन वो मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में छुट्टियां मना रहे हैं। कांग्रेस की हालत बिन दूल्हे की बारात जैसी है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस मानसिक रूप से बिहार का चुनाव हार चुकी है।
बेलहर की सभा में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री यादव ने कहा “यहां आकर ऐसा लगा जैसे मैं अपने घर आ गया हूं। जनता का जोश और प्यार देखने लायक है। NDA के प्रत्याशी शानदार काम कर रहे हैं और जनता का आशीर्वाद उन्हें दोबारा जीत दिलाएगा।” उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार, यानी प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी, बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
डॉ. यादव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकारों ने कभी किसानों का सम्मान नहीं किया। उन्होंने कहा “कांग्रेस ने किसानों के साथ पाप किया है। मोदी सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए किसानों को घर बैठे सम्मान दिया है।” उन्होंने बताया कि NDA की सरकार सीमा पर जवान और खेत में किसान, दोनों का बराबर सम्मान करती है।
उन्होंने कहा कि अब भारत पहले जैसा नहीं रहा। अब अगर पाकिस्तान गोली चलाता है तो भारत उसी भाषा में जवाब देता है। मोहन यादव बोले “कांग्रेस सरकार के समय जब हमारे सैनिकों के सिर काटे जाते थे, तब मनमोहन सिंह चुप रहते थे। लेकिन मोदी सरकार ने तीन बार पाकिस्तान में घुसकर जवाब दिया है।”
सीएम यादव ने कहा कि कांग्रेस के नेता हमारी संस्कृति और त्योहारों से नफरत करते हैं।
उन्होंने कहा “कांग्रेस ने छठ महापर्व को ड्रामा बताया, जो बिहार के लोगों का बड़ा अपमान है। 11 नवंबर को जनता इसका जवाब देगी।” उन्होंने राहुल गांधी को लेकर कहा “कांग्रेस के इतने बड़े नेता चुनाव के समय छुट्टियां मना रहे हैं। कांग्रेस की बारात में दूल्हा ही नहीं है।”
मोतिहारी की सभा में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि कांग्रेस चुनावी मैदान से भाग रही है। उन्होंने कहा “कांग्रेस के नेता चुनाव वाले राज्य में रहने की बजाय दूसरे राज्यों में घूम रहे हैं। जब हार जाएंगे, तो EVM को दोष देंगे।” सीएम यादव बोले कि बिहार की जनता मेहनती और संस्कारी है, और यही बिहार देश को दिशा दिखाता है।
ये भी पढ़ें- सोयाबीन का मॉडल रेट फिक्स, CM मोहन यादव ने किसानों को दी बड़ी राहत
गया की सभा में डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA की सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में ही विकास संभव है। मोहन यादव बोले “जो नेता चुनाव से पहले ही मैदान छोड़ दे, वो क्या जीतेगा। कांग्रेस मानसिक रूप से पहले ही हार मान चुकी है।”
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।