
भोपाल/रतलाम। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आए। उन्होंने रतलाम जिले की सैलाना तहसील में खेतों में जाकर देखा कि आपदा से फसलों को कितना नुकसान पहुंचा है। उन्होंने किसानों से बात कर उनकी परेशानी जानी। किसानों को गले लगाकर कहा कि प्रदेश सरकार उनके साथ है। उन्हें किसी तरह का नुकसान नहीं होने देगी।
सीएम ने किसानों से कहा कि आने वाला समय उनका है। सरकार किसानों के हित के लिए बड़े फैसले ले रही है। किसानों के लिए राज्य में कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री का यही अंदाज हाल ही में शाजापुर जिले में भी देखने को मिला था।
मुख्यमंत्री ने सैलाना पहुंचते ही किसानों से संवाद शुरू कर दिया। किसानों ने बताया कि उनकी फसलें प्राकृतिक आपदा का शिकार हो गई हैं। यह सुनने के बाद सीएम किसानों के साथ खेतों में उतर गए। अपने हाथों से फसलों का निरीक्षण किया। किसानों को गले लगाकर उनका दुख बांटा। सीएम ने किसानों से कहा कि प्रदेश सरकार हर कदम पर अन्नदाताओं के साथ खड़ी है। फसल की क्षति का तुरंत आंकलन किया जाएगा और किसानों को समय पर मुआवजा-आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। किसानों को किसी तरह का नुकसान नहीं होने देंगे। बारिश और कीट की वजह से प्रदेश के कुछ हिस्सों में फसलों को नुकसान हुआ है। सरकार खराब फसलों का पूरा सर्वे कराएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जब सैलाना में किसानों से मिले तो वहां का नजारा भावुक कर देने वाला हो गया। मुख्यमंत्री किसानों की बात सुनकर भावुक हो गए। उन्होंने अन्नदाताओं का हाथ थामा और मदद का आश्वासन दिया। किसान जहां-जहां भी ले गए, वहां-वहां सीएम गए। उन्होंने फसलों को अपने हाथों में ले लिया और बड़ी बारीकी से किसानों की बात समझी। इस मौके पर उन्होंने कई बार अधिकारियों से भी बात की। अधिकारियों से कहा कि किसानों को कोई नुकसान नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में शाजापुर जिले में किसान चौपाल लगाई थी। उन्होंने जिले की पोलायकलां तहसील के खड़ी गांव में सोयाबीन की खराब फसल की जानकारी ली थी। किसानों से चर्चा के बीच उन्होंने कहा था कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ है। उन्होंने शाजापुर कलेक्टर को निर्देश दिए कि जिन किसानों को पिछले वर्षों की बीमा राशि नहीं मिली है, उनकी शिकायतों का निराकरण कराएं। आने वाले समय में शाजापुर जिले के किसानों को नर्मदा-पार्वती-चंबल-कालीसिंध लिंक परियोजना से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे गरीब किसानों के जीवन में बदलाव आएगा। किसानों को अधिकतम लाभ दिया जाएगा। किसानों की जिंदगी बेहतर हो, इसके लिए केन्द्र-राज्य की सरकारें लगातार प्रयासरत हैं।
किसान चौपाल में सीएम डॉ. मोहन यादव ने कामधेनु योजना का जिक्र किया। कहा कि इस योजना में किसानों से गाय का दूध खरीदा जाएगा। 25 गाय के पालन पर लगने वाली राशि 40 लाख पर सरकार द्वारा 10 लाख रुपए का अनुदान भी दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में गायों के लिए गौशालाएं भी बनाई जाएगी। गौशालाओं को गायों के रखरखाव के लिए 40 रुपए प्रति गाय की दर से अनुदान दिया जाएगा। पांच हजार से अधिक पशु रखकर गौशाला संचालित करने पर भूमि भी उपलब्ध कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें- सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान, 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों को मिली सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “एक बगिया मां के नाम” योजना के बारे में बताया और कहा कि किसानों को एक एकड़ जमीन में फलोद्यान लगाने पर पहले साल 2 लाख रुपए तथा इसके अगले साल 55 हजार रुपए, इस प्रकार 3 साल तक अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में कपास उत्पादन को प्रोत्साहित कर रही है। इसके लिए धार जिले के बदनावर में “पीएम मित्रा” औद्योगिक पार्क विकसित किया जा रहा है। इसका शिलान्यास 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
यह भी पढ़ें- MP में सोयाबीन फसल खराब, किसानों को मिलेगा मोहन यादव सरकार से बड़ा सहारा
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।