MP News: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ओंकारेश्वर से मां नर्मदा सेवा परिक्रमा का शुभारंभ किया। जन्म-मृत्यु और ईश्वर की सत्ता पर विचार रखते हुए कहा कि जीवन साधना के लिए मिला है। जानें पूरा बयान।

इंसान का जन्म और मृत्यु किसके हाथ में है? क्या जीवन की असली ताकत भोजन, पानी और हवा में छिपी है या इसके पीछे कोई आध्यात्मिक रहस्य है? मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को ओंकारेश्वर में इन सवालों पर अपने विचार रखे। मां नर्मदा सेवा परिक्रमा का शुभारंभ करते हुए उन्होंने जीवन, मृत्यु और ईश्वर की सत्ता पर बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मनुष्य को मिला जीवन केवल सांसारिक सुखों के लिए नहीं, बल्कि साधना और तप के लिए भी है।

ओंकारेश्वर के गौमुख घाट से शुरू हुई नर्मदा परिक्रमा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 24 नवंबर को खंडवा जिले के ओंकारेश्वर स्थित गौमुख घाट से 'मां नर्मदा सेवा परिक्रमा' का शुभारंभ किया। दादा गुरु के नेतृत्व में शुरू हुई इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से मां नर्मदा की पूजा और आरती की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा को विशाल चुनरी भी अर्पित की।

यह भी पढ़ें: Anant Singh Daughter Wedding Menu: लिट्टी-चोखा से पिज्जा तक..4 लाख मेहमानों के लिए क्या-क्या बन रहा?

'न जन्म हमारे हाथ में है, न मृत्यु'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जीवन और मृत्यु को लेकर आध्यात्मिक विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा, 'हमारे हाथ में न जन्म है, न मरण है।' मुख्यमंत्री के मुताबिक, मनुष्य अक्सर शरीर की शक्ति को भोजन, पानी और हवा में तलाशता है, जबकि जीवन को आध्यात्मिक दृष्टि से समझना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने मनुष्य को नियम, संयम और तपस्या के लिए शरीर दिया है।

हवा और सूर्य की किरणों का उदाहरण देकर समझाई ईश्वर की सत्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह हवा दिखाई नहीं देती, लेकिन उसका अस्तित्व महसूस किया जा सकता है, उसी तरह ईश्वर की सत्ता को भी अनुभव किया जा सकता है। उन्होंने सूर्य के प्रकाश और प्रिज्म का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रकृति में ऐसी कई चीजें हैं, जिन्हें समझने के लिए अलग दृष्टि की जरूरत होती है। डॉ. यादव ने दादा गुरु की साधना की प्रशंसा करते हुए कहा कि संतों के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिक अनुभव और मार्गदर्शन मिलता है।

'दुनिया देख रही भारत की शक्ति और भक्ति'

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान मिल रही है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि 21वीं सदी में भारत की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। डॉ. यादव ने कहा कि भारत की शक्ति के साथ उसकी भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं को भी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।

पांचवीं बार नर्मदा परिक्रमा पर निकले दादा गुरु

मुख्यमंत्री ने बताया कि दादा गुरु पांचवीं बार मां नर्मदा की परिक्रमा शुरू कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नर्मदा परिक्रमा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि अनुशासन, साधना और संकल्प का मार्ग भी है। मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को सफल यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि इस परिक्रमा से समाज में सद्भाव और आपसी जुड़ाव बढ़ेगा।

यह भी पढ़ें: Asia Cup Rising Stars: पाकिस्तान से हार के बाद इन 3 खिलाड़ियों पर गिरी गाज, क्यों किया बाहर?