Madhya Pradesh Cabinet Meeting: मध्य प्रदेश कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को मंजूरी दी। गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना, 46 हजार घरों का विद्युतीकरण, सहकारी बैंकों की मदद और ओंकारेश्वर के अद्वैत लोक निर्माण को स्वीकृति मिली।

Mohan Yadav Government: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को भोपाल स्थित मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के विकास, बिजली व्यवस्था, सहकारिता, दुग्ध उत्पादन और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। मंत्रि-परिषद ने विभिन्न योजनाओं के लिए 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की।

Gopal Krishna Gram Yojana: दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए नई योजना

मध्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और देशी गौवंश का संरक्षण करने के लिए 'गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना' को मंजूरी दी गई है। इसका उद्देश्य प्रदेश में दूध उत्पादन दोगुने से अधिक करना और मध्य प्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाना है।

योजना के पहले वर्ष 2026-27 में 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक वृंदावन ग्राम में प्रतियोगिता होगी। इसके बाद 2027-28 से 2030-31 तक प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतिदिन कम से कम 6 लीटर दूध देने वाली भारतीय उन्नत नस्ल की गायों के पालक इसमें भाग ले सकेंगे। विजेताओं को क्रमशः 1 लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। पुरस्कार राशि का उपयोग देशी गौवंश के संरक्षण और संवर्धन में करना अनिवार्य होगा।

ये भी पढ़ें- Bhopal Luminescence Dating Laboratory: मध्यप्रदेश की पहली ल्यूमिनेसेंस लैब शुरू, 10 लाख साल पुराने इतिहास की होगी जांच

Cooperative Banks: 9 जिला सहकारी बैंकों को 325 करोड़ की मदद

प्रदेश के 9 कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए 325 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये, जबकि रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

Electricity: 46 हजार से अधिक घरों को मिलेगी बिजली

RDSS योजना के तहत 1,834 बसाहटों के 46,574 घरों और 54 सरकारी संस्थानों में बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इसमें केंद्र सरकार 60 प्रतिशत और राज्य सरकार 40 प्रतिशत राशि देगी।

Mineral Exploration: खनिज सर्वेक्षण की जिम्मेदारी राज्य खनिज निगम को

मध्य प्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को खनिज अन्वेषण और सर्वेक्षण की नोडल एजेंसी बनाया गया है। सर्वेक्षण, आंकड़ों के विश्लेषण और ड्रिलिंग के लिए बाहरी एजेंसियों की नियुक्ति पारदर्शी प्रक्रिया से होगी। सर्वेक्षण का कार्य 2028 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है।

Cooperative Elections: सहकारी समितियों के चुनाव एक साल आगे बढ़े

बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के लंबित चुनाव एक साल आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाए जाएंगे।

Government Schemes: 23 योजनाओं के लिए 3,059 करोड़ रुपये मंजूर

सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें स्वतंत्रता सेनानियों की पेंशन, लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि, मानव अधिकार आयोग को अनुदान और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार जैसी योजनाएं शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- Bhopal Utsav Mela 2026: CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ, मेले को लेकर कही बड़ी बात

CM Discretionary Grant: मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान के लिए 1,165 करोड़

मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान से संबंधित योजना को अगले पांच वित्तीय वर्षों तक जारी रखने के लिए 1,165 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

Advait Lok: ओंकारेश्वर में अद्वैत लोक निर्माण के लिए 2,278 करोड़

ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में अद्वैत लोक (शंकर संग्रहालय) के निर्माण के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यहां हाईस्क्रीन थिएटर, माया गैलरी, लेजर लाइट एवं वाटर शो, अद्वैत नर्मदा विहार, निदिध्यासन केंद्र, कला वीथिका, शंकर स्तंभ, कलाग्राम और पंचायतन मंदिर जैसे आकर्षण विकसित किए जाएंगे। इनके माध्यम से आचार्य शंकर के जीवन, योगदान और अद्वैत वेदांत दर्शन की जानकारी पर्यटकों और श्रद्धालुओं को मिलेगी।