उज्जैन से 32 KM दूर खिसका दुनिया का सेंटर पॉइंट, भारत की पहली वैदिक घड़ी लॉन्च

Published : Sep 01, 2025, 02:49 PM IST
Vikramaditya Vedic clock and mobile app

सार

भोपाल में 1 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में विक्रमादित्य वैदिक घड़ी और इसके मोबाइल एप का लोकार्पण किया, जो भारतीय संस्कृति, वैदिक काल और संपूर्ण पंचांग की आधुनिक और वैज्ञानिक गणना को दर्शाता है। 

भारतीय संस्कृति-सनातन धर्म और वैदिक काल के मद्देजनर मध्यप्रदेश के लिए 1 सितंबर का दिन बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मुख्यमंत्री निवास में विक्रमादित्य वैदिक घड़ी और इसके मोबाइल एप का लोकार्पण किया। इस मौके पर सीएम ने जनता को विक्रमादित्य घड़ी की विशेषताएं बताईं। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य वैदिक घड़ी ही वास्तविक घड़ी है। इसके माध्यम से ग्रह-नक्षत्रों के साथ-साथ पूरे पंचांग की जानकारी भी मिल जाएगी। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि ये वैदिक घड़ी नहीं है, ये हमारे भारत के वर्तमान के हालचाल दुनिया को बता रही है। इस मौके पर उन्होंने भगवान श्री कृष्ण के जुड़ा प्रसंग भी सुनाया। कार्यक्रम के दौरान सीएम डॉ.यादव ने जनता से मोबाइल टॉर्च जलवाकर एप भी डाउनलोड कराया। उन्होंने कहा कि इस घड़ी और एप की जानकारी सभी रिश्तेदारों और दोस्तों को दें।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 300 साल पहले तक कालगणना भारत से दुनिया में जाती थी। हमारे व्रत-त्योहार अंग्रेजी तिथि से नहीं आते। इसलिए इनकी अंग्रेजी तिथि बदलती रहती है। हमारी कालगणना इतनी वैज्ञानिक और सटीक है कि ऋतुओं को भी बांधकर रखा गया है। हमारी 6 ऋतु हैं। यह गणना इतनी सटीक है कि अगर सावन का महीना बारिश का है तो वर्षा होगी ही होगी। भादौ में बारिश की झड़ी लगेगी ही लगेगी। हम सब साक्षी हैं कि हमारे बांध लबालब भरे हुए हैं। अंग्रेजी तिथियों में 31 का महीना और 28-29 दिन का फरवरी हमारी गणना के बाद ही आए। अगर हम सूर्योदय-सूर्यास्त का अंतर करें तो कई चीजें स्पष्ट हो जाती हैं। हमारी हर बात का प्रमाण प्रकृति में है। ज्वार और भाटा का भी तथ्य रोचक है। अगर चंद्रमा नीचे आता है तो ज्वार-भाटा में लहरें ऊपर तक जाती हैं। प्रकृति सिद्ध कर रही है कि हमारी तिथियों की गणना सही है।

शरीर पर भी पड़ता है चंद्रमा का असर 

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि ज्वार-भाटा के समय मेंटल हॉस्पिटल में भी अधिकतम समय मरीजों की संख्या बढ़ती है। डॉक्टरों को निर्देश दिए जाते हैं कि अमावस-पूनम के दिन मरीजों की विशेष रूप से चिंता करें। इस दिन बाहर से भी नए मरीज आते हैं। जब चंद्रमा का असर समुद्र पर पड़ता है तो हमारे शरीर पर भी पड़ता है। क्योंकि, हमारे शरीर में 70 फीसदी जल है। ऐसे में जब जल का दबाव मस्तिष्क पर पड़ता है तो मानसिक रोगियों को समस्या होती है। हमने इन सब चीजों का हिसाब बड़ी बारीकी से लगाया है। हमने कहा है कि सूर्योदय से सूर्योदय तक गणना होनी चाहिए। दिन के 24 घंटे की गणना से कोई फर्क नहीं पड़ता। इसका कोई प्रमाण नहीं है कि रात को 12 बजे के बाद दिन बदल जाएगा। इसलिए अपनी प्राचीन गणना में एक दिन में 30 मुहूर्त हैं।

जरूरत पड़ने पर बदलाव करना जरूरी 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इतिहास गवाह है कि इसी कालगणना के आधार पर एक वैज्ञानिक ने पश्चिमी देशों से कहा कि सूर्य परिक्रमा नहीं करता, बल्कि पृथ्वी उसके चक्कर लगाती है। उसकी बात सुनकर पश्चिमी देश उसे फांसी देने जा रहे थे। अंग्रेजों का कहना था कि जो कह दिया सो कह दिया, उसमें बदलाव नहीं होगा। यह गलत है। जरूरत पड़ने पर बदलाव क्यों नहीं होना चाहिए। समय के साथ कई दूसरी चीजें भी सामने आती हैं। हमारी पद्धति में वैज्ञानिक तरीके से जानकारी निकाली जाती है। अगर सूर्य की गति देखना है तो उसकी ओर आंख उठाकर तो नहीं देख सकते, इसलिए उसकी छाया के अनुसार उसकी गति देखी जा सकती है। इस गणना के साथ ही शंकु यंत्र के माध्यम से ही दिन-रात की बराबरी, सबसे बड़े दिन-सबसे बड़ी रात की जानकारी भी मिल जाती है।

दुनिया मानती है भारत का पंचांग

सीएम मोहन यादव ने कहा कि देश का सेंटर पॉइंट उज्जैन है। उज्जैन का सेंटर पॉइंट दोलायमान है। इस वजह से अब यह पॉइंट उज्जैन से 32 किमी दूर डोंगला पहुंच गया है। इस सेंटर पॉइंट को वापस दोलायमान होकर यहां आने-जाने में साढ़े 27 हजार साल लगेंगे। आज भी हमारे सामने भगवान श्री कृष्ण का 5000 साल पुराना इतिहास मौजूद है। उस वक्त उज्जैन में पढ़ाई के दौरान भगवान कृष्ण ने डोंगला के समीपवर्ती गांव नारायणा में सुदामा के साथ एक रात गुजारी थी। माना जाता है कि वे दोनों भी कालगणना के केंद्र को ढूंढने वहां गए थे। ऐसे कई रहस्य कालगणना के माध्यम से सामने आएंगे। आज हमारे पंचांग और वैदिक गणित को दुनिया मानती है। अगर दस हजार साल पहले के सूर्य और चंद्र ग्रहण की गणना करनी हो तो कंप्यूटर फैल हो जाएगा। लेकिन, हमारे ज्योतिषी पंचांग के हिसाब से मिनटों में बता देंगे कि ग्रहण कब-कब लगा था।

 

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

CM मोहन यादव ने खजुराहो में बताया 3 साल का प्लान, किए कई बड़े फैसले
MP की लाड़ली बहनों के लिए खुशखबरी: 31वीं किस्त की आ गई डेट