सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा- 'प्रदेश के विकास और प्रगति में नया इतिहास लिखेंगे मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र'

Published : Aug 05, 2023, 06:27 PM IST
shivraj singh chouhan

सार

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र बूट कैंप के दूसरे बैच को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सीएम जनसेवा मित्र प्रोजेक्ट की जमकर तारीफ की।

CM Janseva Mitra. भोपाल में सीएम जनसेवा मित्र बूट कैंप के दूसरे बैच को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 'जिन बेटे-बेटियों का छह माह पहले मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र के रूप में चयन हुआ था, उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है। ये सभी युवा इतिहास रचेंगे। स्वामी विवेकानन्द कहते थे कि तुम केवल साढ़े तीन हाथ के हाड़-मांस के पुतले नहीं हो, अनंत शक्तियों का भंडार हो। आप दुनिया में सब कुछ कर सकते हैं। प्रदेश की प्रगति और विकास का नया इतिहास रचने में सहयोग करें। आपको जो नौकरी मिली है वह तराशने, बनाने और खुद सीखने की नौकरी है। इसे पूरी गंभीरता से करें और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का प्रयास करें।'

CM शिवराज सिंह चौहान ने की पुष्पवर्षा

मुख्यमंत्री चौहान ने लाल परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र बूट कैंप के बैच-2 में मुख्यमंत्री जनसेवा मित्रों को संबोधित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्प वर्षा कर युवाओं का स्वागत किया। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष सचिन चतुर्वेदी, सीईओ राघवेन्द्र कुमार सिंह, लोकेश शर्मा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

भगवान की पूजा समझकर करें सेवा

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 'आप मेरी आंख और कान हैं। जो ग्राम पंचायत आपको निरंतर कार्य करने के लिए दी गई है उस ग्राम पंचायत का दौरा करें। सभी से विनम्रता से बात करें और योजनाओं के बारे में बताएं। कार्य को पूरा करने के लिए मन में चाहत रखकर बेहतर प्रयास करें। कार्य करने के पीछे पॉजिटिव सोच होना चाहिए। यदि आप भगवान की पूजा समझकर लोगों की सेवा करेंगे तो आपको खुशी मिलेगी।'

मध्य प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाना है

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 'एक समय मध्य प्रदेश में सड़कों की हालत खराब थी। बिजली बहुत कम थी। पीने के पानी और सिंचाई की कोई व्यवस्था नहीं थी। मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था। आज प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपए से बढ़कर एक लाख 40 हजार रुपए हो गई है। बिजली का उत्पादन 2900 मेगावाट से बढ़कर 28 हजार मेगावाट हो गया है। लगभग 47 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की व्यवस्था की गई है। सड़कों की हालत में सुधार हुआ है। हम सीएम राइज स्कूल स्थापित कर रहे हैं। मध्य प्रदेश को आगे ले जाना है। मध्य प्रदेश को देश और दुनिया के राज्यों में अग्रणी राज्य बनाना है।'

13 अगस्त को मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना का शुभारंभ

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 'राज्य सरकार उच्च शिक्षा और विदेश में पढ़ाई की फीस को मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना के तहत कवर करवा रही है। मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना 13 अगस्त को लांच की जाएगी। युवाओं को काम सीखने के दौरान भी 8,000 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। यह इंटर्नशिप योजना आपको कई व्यावहारिक अनुभव देगी। प्रदेश में बेटा-बेटी के बीच भेदभाव को समाप्त करने के लिए लाडली लक्ष्मी योजना बनाई गई। बहनों के लिए मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना बनाई गई है।'

युवा मध्य प्रदेश की प्रगति में सहयोग करें

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 'मुख्यमंत्री जनसेवा मित्र हर योजना के क्रियान्वयन में मदद करें। सीएम जनसेवा अभियान में हमें लोगों की सेवा करनी है और उनका जीवन बदलना है। लोगों का जीवन बेहतर बनाएं, हम आपका जीवन बेहतर बनाना सुनिश्चित करेंगे। मुझे आप पर पूरा भरोसा है। मध्य प्रदेश को आगे बढ़ाने में अपना सहयोग दें। आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। वहीं सहकारिता मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सुशासन के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। युवाओं को नौकरी देने का काम किया जा रहा है। युवाओं को सीएम जनसेवा अभियान से जोड़कर जनता की सेवा करने का बड़ा काम उन्हें दिया गया है। युवा ही देश का निर्माण करते हैं।' वहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 'सीएम फेलो को लोगों के बीच पहुंचने के लिए वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। ताकि वे आसानी से अपना दौरा कर सकें। मुख्यमंत्री जन सेवा मित्र को ऑनलाइन कार्य के लिए 200 रुपये का मोबाइल डाटा पैक उपलब्ध कराया जाएगा।'

मुख्यमंत्री ने दिए युवाओं के सवालों के जवाब

मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए पांच जनसेवा मित्रों ने प्रश्न पूछे। इंदौर की जनसेवा मित्र कु. रितिका चौहान ने पूछा कि आपके मन में बेरोजगारी भत्ता देने का विचार क्यों नहीं आया? इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 'हम युवाओं को घोंसला नहीं पंख देने का काम कर रहे हैं, ताकि वे ऊंची उड़ान भर सकें। इसीलिए राज्य में मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना शुरू की गई है।' मंडला की उर्वशी राय ने पूछा कि व्यस्त दिनचर्या के बीच तनावमुक्त रहने का आपका मंत्र क्या है? मुख्यमंत्री ने कहा कि 'तनाव मुक्त रहने के लिए योग और ध्यान बहुत जरूरी है। साथ ही अगर आप कर्म करते रहें और फल की इच्छा न करें तो आप तनाव मुक्त रह सकते हैं।' सतना जिले के अमर भारती पटेल ने पूछा कि जब आप पहली बार मुख्यमंत्री बने तो आपके सामने क्या चुनौतियां थीं? इस पर सीएम ने कहा कि 'जब मैं मुख्यमंत्री बना तब प्रदेश में बिजली, पानी, सड़क, हॉस्पिटल, स्कूल, सिंचाई और रोजगार के संसाधनों की कमी थी। अब इन सभी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करके मध्य प्रदेश आगे बढ़ चुका है और आत्मनिर्भर बन चुका है।' रतलाम की तनीषा चोपड़ा ने पूछा कि जब आप छोटे थे तो आपकी प्रेरणा कौन थे? मुख्यमंत्री ने बताया कि 'मेरी प्रेरणा के स्रोत स्वामी विवेकानन्द, भगवत गीता, स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और वर्तमान में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।' गुना जिले के ऋषभ रघुवंशी ने पूछा कि आपकी विभिन्न कार्यक्रमों की व्यस्तता के बीच मुख्यमंत्री जनसेवा मित्रों से अवश्य मिलते हैं, आपके इस विनम्र स्वभाव से हम क्या सीख सकते हैं? मुख्यमंत्री ने कहा कि 'आप कितने भी व्यस्त हों, समय निकाल सकते हैं।'

मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ गाना गाया

मुख्यमंत्री चौहान जन सेवा मित्र के कार्यक्रम में युवाओं के बीच पहुंचे और युवाओं और कलाकारों के साथ 'ओ नदिया चले, चले रे धारा-चंदा चले रे तारा तुझको चलना होगा' गीत गाया। जन सेवा मित्रों ने पर्यावरण पर केंद्रित नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। मुख्यमंत्री ने अशोकनगर, खंडवा, जबलपुर, विदिशा से जुड़े जन सेवा मित्रों के परिजनों से वर्चुअल संवाद किया। अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान की पुस्तक 'अग्रसर' का विमोचन। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य के लिये पांच जन सेवा मित्रों को प्रशस्ति पत्र दिए।

यह भी पढ़ें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंची भोपाल, राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल और सीएम श्री शिवराज सिंह चौहान ने किया स्वागत

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

IMD Heatwave Forecast:आगरा 46°, प्रयागराज 47°... उत्तर भारत में मई का सबसे गर्म दिन? जानिए अपने शहर का हाल
Ratlam Rajdhani Express Fire: 'अगर 5 मिनट की भी देरी होती...' चश्मदीदों ने बताया B-1 कोच के अंदर का खौफनाक सच!