
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे गांव स्वावलंबन की मिसाल हैं। आज के वैश्विक परिदृश्य में पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वदेशी को अपनाकर आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन की दिशा में एकजुट है। यही हमारी ताकत है, जिसके कारण भारत की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है और स्वामी विवेकानंद का यह कथन कि “21वीं सदी भारत की होगी” साकार हो रहा है। गर्व की बात है कि स्वामी विवेकानंद, जिन्हें श्रद्धेय नरेंद्र नाथ दत्त भी कहा जाता है, उनकी भावना को प्रधानमंत्री मोदी ने सच्चाई में बदला है। देश के गरीब, युवा, किसान और महिलाओं का कल्याण प्रधानमंत्री मोदी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सौभाग्य है कि इसी महीने प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश के दौरे पर आने वाले हैं।
CM मोहन यादव ने देवतालाब स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मऊगंज को 241.33 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी और संयुक्त जिला कार्यालय भवन का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा- प्रदेश सरकार ने कभी भी विकास और जनकल्याण के लिए संसाधनों की कमी नहीं होने दी, इसलिए आज प्रदेश में हर जगह विकास दिख रहा है। पिछली सरकारें हमेशा रिसोर्सेज की कमी का बहाना बनाती थी। इस कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न हितग्राही योजनाओं के लाभ भी वितरित किए। प्रोग्राम में डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल, पशुपालन और डेयरी स्टेट मिनिस्टर (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल, MP जनार्दन मिश्र और विधायक गिरीश गौतम भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषि श्रृंगी का अद्भुत मंदिर आस्था, इतिहास और आनंद का केंद्र है। यहां पंचतत्व और पांच महाभूतों से बनी सृष्टि का स्वरूप दिखाई देता है। प्रयागराज और काशी विश्वनाथ के बीच स्थित यह स्थान देवताओं की रुचि का प्रतीक है। डॉ. यादव ने कहा कि उनके लिए भी देवतालाब का आगमन हमेशा सुखद और शुभ रहा है। उन्होंने बताया कि सनातन संस्कृति ने दुनिया को मानवता का विचार दिया और जीवन जीने का सही मार्ग दिखाया। आज प्रधानमंत्री मोदी की प्रभावशाली नेतृत्व क्षमता के कारण भारत विश्व की सभी बड़ी नीतियों के निर्धारण में केंद्र बिंदु बन गया है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि अमेरिका सहित दुनिया के सभी बड़े देश प्रधानमंत्री मोदी की स्वीकार्यता को लेकर उत्सुक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेत में किसान और सीमा पर जवान, दोनों का सम्मान हमारी सरकार की प्राथमिकता है। किसान सम्मान निधि और अन्य योजनाओं के जरिए सरकार लगातार किसानों के कल्याण के लिए काम कर रही है। प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पर्याप्त सिंचाई और बिजली की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहनों को दी जाने वाली राशि दीपावली के बाद से 1500 रुपये प्रतिमाह कर दी जाएगी और वर्ष 2028 तक इसे बढ़ाकर 3000 रुपये प्रति माह कर दिया जाएगा।
डॉ. यादव ने कहा कि सीधी, सिंगरौली, मऊगंज और रीवा जिलों में सिंचाई सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। रीवा की सोलर परियोजना से दिल्ली की मेट्रो ट्रेन चल रही है। जल्द ही क्षेत्र में लगने वाली खाद्य प्रसंस्करण इकाइयाँ युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। उज्ज्वला गैस कनेक्शन और स्व-सहायता समूह की गतिविधियों ने महिलाओं का जीवन आसान बनाया है। राज्य सरकार हर क्षेत्र में काम कर मध्यप्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रोग्राम में म्यूजिकल परफॉरमेंस देने वाले ग्रुप को प्रोत्साहन स्वरूप 50 हजार रुपये, डांस ट्रूप के हर सदस्य को 5-5 हजार रुपये और बनारस से आए ग्रुप को 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय मांगों को स्वीकार करते हुए कई निर्माण कार्यों की भी घोषणा की।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।