
भोपाल: राजधानी के तात्या टोपे (टीटी नगर) स्टेडियम में 9 अक्टूबर को अलग ही नजारा देखने को मिला। यहां 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत दो बड़े आयोजन 'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग' और 'सेवा-ज्योति' आयोजित किए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बच्चों के बीच पहुंचें और उनका हौसला बढ़ाया। सीएम ने यहां विकसित भारत की थीम पर तैयार की गई खास रंगोली देखी। इस रंगोली में वैज्ञानिकों की उपलब्धियों, चंद्रयान मिशन और अयोध्या के श्रीराम मंदिर को जगह दी गई थी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारत के नक्शे के आकार में मानव श्रृंखला भी बनाई। मुख्यमंत्री इस श्रृंखला में शामिल हुए और बच्चों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया और उनकी पहल को करीब से देखा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी के सेवा के 25 साल पूरे होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े। इसके जरिए उन्होंने सेवा, सहयोग और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि समाज में सेवा का भाव मजबूत किया जाए, एक-दूसरे की मदद की जाए और हर व्यक्ति तक सकारात्मक सोच पहुंचाई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शासन प्रमुख के रूप में अपने 25 साल सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। इसी मौके पर उनके जन्मोत्सव से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान पूरे एक महीने तक उत्साह के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए कार्यकर्ताओं ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इसके लिए उन्होंने आभार भी जताया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियन गेम्स में मध्य प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों की भी सराहना की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी और उनके योगदान को सम्मान दिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों और युवाओं की आगे बढ़ने की इच्छा पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि समय बदल गया है और कामना की कि बच्चे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करें तथा नई ऊंचाइयों तक पहुंचें। कार्यक्रम के जरिए बच्चों, युवाओं और समाज के दूसरे वर्गों को आगे बढ़ने, अपनी क्षमता पहचानने और देश के विकास में योगदान देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में रंगोली के जरिए देश की उपलब्धियों और विकसित भारत की सोच को दिखाया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र की कामना की और जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। देश की बढ़ती आर्थिक ताकत और दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में भारत की उपलब्धि सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने लोगों से अपील की कि लोकतंत्र के इस पावन मंदिर से जनकल्याण और जनसेवा के कामों को लगातार आगे बढ़ाने का संकल्प लें। उनके मुताबिक, देश की प्रगति के साथ लोगों की सेवा और कल्याण के काम भी जारी रहने चाहिए।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडेलवाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुति की तारीफ करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने खूबसूरती से बताया कि विकसित भारत की परिकल्पना कैसी होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बच्चों की भागीदारी और विकसित भारत की थीम के जरिए देश के भविष्य में युवाओं की भूमिका को सामने रखा गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में सेवा, सहयोग, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण का संदेश दिया गया। रंगोली, मानव श्रृंखला और बच्चों की भागीदारी ने आयोजन को खास बनाया।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।