
भोपाल. मध्य प्रदेश की आंचलिक बोलियों और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की जरूरत पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जोर दिया है। उन्होंने कहा कि मालवा की बोली, व्यवहार, संस्कृति और पकवानों की अपनी अलग पहचान है। आंचलिक बोलियों का संरक्षण और संवर्धन हमारी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए जरूरी है। मुख्यमंत्री सोमवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित तीन दिवसीय मालवा महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मालवी भाषा का अंदाज निराला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मालवा की माटी में सौंधापन और आत्मीयता है। यहां की संस्कृति ने हर दौर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखी है। मालवी भाषा का अंदाज भी निराला है। इस बोली को समझने वाला ही इसके भाव और अर्थ को सही मायने में महसूस कर सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाओं के साथ प्रदेश की आंचलिक बोलियों का भी संकलन और संरक्षण किया जाना चाहिए।
मालवा की धरती का गौरवशाली इतिहास
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन बाबा महाकाल की नगरी होने के साथ कालगणना का केंद्र और अनेक महापुरुषों की धरती रही है। मालवा का इतिहास, धार्मिक परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत देशभर में खास स्थान रखती हैं। देवी अहिल्याबाई होल्कर का योगदान सुशासन के साथ सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यों में भी बेहद महत्वपूर्ण रहा है। उनके कार्यों ने देशभर में अमिट छाप छोड़ी है।
उन्होंने मालवा के इतिहास से जुड़े सिंधिया वंश का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंधिया वंश का मालवा से गहरा ऐतिहासिक संबंध रहा है। उज्जैन और आसपास के धार्मिक स्थल, परंपराएं और दाल-बाटी जैसे पारंपरिक पकवान इस क्षेत्र की अलग पहचान बनाते हैं।
विभूतियों को मालवा अलंकरण सम्मान
मालवा महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को मालवा अलंकरण सम्मान प्रदान किया। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिव चौरसिया, एनएसडी प्रशिक्षक निशा त्रिवेदी, मालवी साहित्यकार माया बद्रिका, व्यंग्यकार मुकेश जोशी, मालवा पत्रकारिता के शोधकर्ता कमल हेतवाल, वरिष्ठ साहित्यकार नरहरि पटेल, मालवी उद्घोषक शैलेंद्र व्यास और यूट्यूबर मालवी भाभी सहित अन्य लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम में स्मारिका 'यो अपनो मालवो' का विमोचन भी किया गया। आयोजकों ने कहा कि मालवा महोत्सव के जरिए क्षेत्र की साहित्यिक, सांस्कृतिक और लोक परंपराओं को सामने लाने तथा इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले वर्ष में महोत्सव के स्वरूप को और बेहतर बनाने की योजना है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।