
Bhopal News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि गुरु नानक देव जी ने समाज में व्याप्त कमजोरियों और बुराइयों को दूर करने के साथ भारतीय संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने समाज में समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करने का कार्य किया। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को एकता और समानता का संदेश देती हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरु नानक जयंती (प्रकाश पर्व) की पूर्व संध्या पर भोपाल की अरेरा कॉलोनी स्थित गुरुद्वारे पहुंचे। यहां उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेका और श्रद्धापूर्वक अरदास की। इस अवसर पर उन्होंने गुरुद्वारे में उपस्थित श्रद्धालुओं को गुरु नानक जयंती की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी नागरिकों को भी प्रकाश पर्व की बधाई और मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद प्रदेश के सभी नागरिकों पर बना रहे और उनके जीवन में सुख, शांति तथा समृद्धि आए।
ये भी पढ़ें- MP Cabinet Decisions: मध्य प्रदेश में 7 हजार करोड़ की योजनाओं को मंजूरी, बिजली से लेकर अद्वैत लोक तक बड़े फैसले
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपने विचारों और कार्यों से समाज को नई दिशा देने का काम किया। उन्होंने सामाजिक भेदभाव को दूर कर सभी लोगों को समान मानने की प्रेरणा दी। उनकी अमर यात्रा केवल भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि अफगानिस्तान तक पहुंची। इस यात्रा के माध्यम से उन्होंने अपने विचारों और शिक्षाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने सिख पंथ की स्थापना कर समाज को सेवा, सद्भाव और समानता का मार्ग दिखाया। उन्होंने लंगर की परंपरा के माध्यम से सभी लोगों को एक साथ बैठकर भोजन करने की प्रेरणा दी। इस परंपरा ने समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव को मिटाने के साथ बराबरी की भावना को मजबूत बनाया।
ये भी पढ़ें- प्रकाश पर्व: CM मोहन यादव ने सिख गुरुओं को किया नमन, बोले- गुरु नानक देव जी ने दिखाया आत्मसम्मान का मार्ग
कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा समिति की ओर से डॉ. पीएस बिंद्रा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने संगत के साथ बैठकर कीर्तन सुना और आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की गुरुद्वारे में उपस्थिति और श्रद्धालुओं के साथ सहभागिता ने गुरु नानक देव जी के प्रति उनकी श्रद्धा को व्यक्त किया।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।