Ujjain News: 2,000 बसें, 1.74 लाख शौचालय और 100 BDDS टीमें, ऐसा होगा सिंहस्थ का इंतजाम

Published : Nov 24, 2026, 07:14 AM IST
clean and green Simhastha 2028

सार

सिंहस्थ-2028 के लिए CM मोहन यादव ने 2,801 करोड़ के 33 काम मंजूर किए। बिजली, सफाई, सुरक्षा, परिवहन और AI आधारित अनुभव केंद्र पर रहेगा खास जोर।

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आयोजन से जुड़े सभी निर्माण कार्य और व्यवस्थाएं दिसंबर 2027 तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल सिंहस्थ महाकुंभ के प्रबंधन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए अभी से सभी जरूरी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने क्षिप्रा नदी के सभी घाटों तक पहुंचने के लिए पक्के रास्ते बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ की तैयारियों की नियमित निगरानी की जाएगी। इसके लिए अब हर महीने मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक होगी, जिसमें निर्माणाधीन और प्रक्रियाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी। इस बार सिंहस्थ का आयोजन 'क्लीन एंड ग्रीन सिंहस्थ' की थीम पर किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को मंत्रालय में सिंहस्थ-2028 की व्यवस्थाओं को मंजूरी देने और उनकी निगरानी के लिए गठित मंत्रिमंडलीय समिति की सातवीं बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में पर्यवेक्षण समिति की सिफारिश पर 2,801.75 करोड़ रुपये की लागत वाले 33 प्रस्तावित कार्यों को मंजूरी दी गई।

सिंहस्थ-2028 के लिए 2,801 करोड़ के 33 कार्यों को मंजूरी

सिंहस्थ की तैयारियों को तेज करने के लिए मंत्रिमंडलीय समिति के अधीन पर्यवेक्षण समिति की नौवीं और दसवीं बैठकों में कुल 33 कार्यों की सिफारिश की गई थी। इनकी अनुमानित लागत 2,801.75 करोड़ रुपये है। इनमें नौवीं बैठक में अनुशंसित 16 कार्यों की लागत 1,457.04 करोड़ रुपये और दसवीं बैठक में अनुशंसित 17 कार्यों की लागत 1,344.71 करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं में मेला क्षेत्र की अस्थायी अधोसंरचना, बिजली, सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन, यातायात, आवास और सुरक्षा से जुड़े काम शामिल हैं। इनका मकसद देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल देना है।

सिंहस्थ में बिजली व्यवस्था पर खर्च होंगे 387.99 करोड़ रुपये

सिंहस्थ-2028 के दौरान मेला क्षेत्र, घाटों और प्रमुख रास्तों पर बिजली की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए ऊर्जा विभाग ने 387.99 करोड़ रुपये की अस्थायी कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत 33/11 केवी क्षमता वाले पांच अस्थायी बिजली उपकेंद्र बनाए जाएंगे। इसके अलावा 45 किलोमीटर 33 केवी लाइन, 200 किलोमीटर 11 केवी लाइन और 550 किलोमीटर एलटी लाइन बिछाई जाएगी। बिजली वितरण के लिए करीब 1,000 ट्रांसफॉर्मर संरचनाएं भी तैयार की जाएंगी।

साधु-संतों के शिविरों और विभिन्न संस्थानों को लगभग 4,500 बिजली कनेक्शन दिए जाने की योजना है। आपात स्थिति में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए 250 जनरेटर, 250 मोबाइल लाइट टावर, 260 रिंग मेन यूनिट और 1,000 ऑटोमैटिक चेंजओवर स्विच लगाए जाएंगे। वहीं, उज्जैन नगर निगम शहर और मेला क्षेत्र में अस्थायी स्ट्रीट लाइट, हाई-मास्ट, मिनी-मास्ट और सजावटी रोशनी की व्यवस्था पर 113.03 करोड़ रुपये खर्च करेगा।

स्वच्छ सिंहस्थ के लिए 1.74 लाख से ज्यादा शौचालय और स्नानघर

सिंहस्थ-2028 को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। उज्जैन नगर निगम ने शौचालय, मूत्रालय और स्नानघरों के निर्माण, संचालन और रखरखाव के लिए 393.53 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा है। करीब 2,584 हेक्टेयर में फैले मेला क्षेत्र में कुल 8,169 स्वच्छता सेट बनाए जाने प्रस्तावित हैं। इनके तहत 1,74,858 इकाइयां विकसित की जाएंगी। इनमें लगभग 1.19 लाख शौचालय, 23,200 स्नानघर और 31,600 मूत्रालय शामिल हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सार्वजनिक शौचालय लगभग हर 500 मीटर पर उपलब्ध कराने की योजना है। घाटों पर महिला श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था होगी। इसके तहत लगभग हर 200 मीटर पर कुल 185 चेंजिंग रूम सेट बनाए जाएंगे। इनमें से 85 सेट कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के माध्यम से उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।

सिंहस्थ में रोजाना 2,500 टन कचरा, 13 हजार सफाईकर्मियों की होगी तैनाती

सिंहस्थ के दौरान साफ-सफाई और कचरे के प्रबंधन के लिए 153.73 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। अनुमान है कि प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान मेला क्षेत्र में प्रतिदिन करीब 2,500 टन कचरा निकल सकता है। इससे निपटने के लिए रोजाना 13,000 सफाईकर्मियों की तैनाती का प्रस्ताव है। सफाई व्यवस्था पर नजर रखने के लिए जीपीएस और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की मदद ली जाएगी।

इसके साथ ही मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और हैजा जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। क्षिप्रा नदी के पानी की गुणवत्ता सुधारने के लिए 12.33 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है। इसके तहत नदी में ही प्रदूषण उपचार (इन-सीटू ट्रीटमेंट), बायोरेमेडिएशन और पानी की गुणवत्ता की रियल टाइम निगरानी की जाएगी।

इसके अलावा देवास नगर निगम की ओर से नागधम्मन नदी पर इंटेकवेल बनाया जाएगा। इसके जरिए दूषित पानी को मौजूदा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से जोड़ने की योजना है। इस काम पर 1.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्नान के लिए साफ पानी उपलब्ध कराना है।

स्वास्थ्य सेवाओं और आपदा प्रबंधन पर भी विशेष जोर

सिंहस्थ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इसके लिए 27.78 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा है। इस राशि से दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, नियंत्रण कक्ष और प्राथमिक उपचार के प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, आग लगने जैसी घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन सेवाओं पर 18.23 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है।

होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़े इंतजामों के लिए राज्य आपदा प्रबंधन निधि (SDMF) से 155.08 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। सिंहस्थ-2016 के मुकाबले इस बार सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के लिए ज्यादा लोगों की तैनाती की योजना है। होमगार्ड की संख्या 8,000 से बढ़ाकर 11,500 और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की संख्या 4,000 से बढ़ाकर 10,000 करने का प्रस्ताव है।

सिंहस्थ-2028 में सड़क, पार्किंग और परिवहन की व्यवस्था होगी मजबूत

श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए मेला क्षेत्र में सड़कों और पार्किंग स्थलों का विकास किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने मेला क्षेत्र के समतलीकरण के लिए 20.51 करोड़ रुपये और 122 किलोमीटर अस्थायी सड़कें बनाने के लिए 34.82 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा घाटों तक पहुंचने के लिए 17 किलोमीटर अस्थायी पाथ-वे बनाने पर 32.34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पार्किंग और सर्विस एरिया के विकास के लिए 112.34 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। शहर में जयसिंहपुरा तिराहे से नरसिंह घाट पुल तक 950 मीटर सड़क के चौड़ीकरण पर 19.66 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है।

कार्तिक चौक से बड़ा पुल मार्ग के लिए पहले 17.80 करोड़ रुपये की अनुशंसा की गई थी। अब इस मार्ग को दानी गेट मार्ग के ऊपर से 6 मीटर ऊंचे सबमर्सिबल इंटीग्रेटेड ब्रिज के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए संशोधित लागत 48.85 करोड़ रुपये रखी गई है। इस पुल के बनने से रामघाट जाने और वहां से लौटने वाले श्रद्धालुओं के रास्ते अलग-अलग हो सकेंगे। इससे शाही स्नान के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

उज्जैन विकास प्राधिकरण ने सिंहस्थ के दौरान घाटों, अखाड़ों, पार्किंग स्थलों और परिवहन केंद्रों के बीच 2,000 बसों के संचालन के लिए 45 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा है। वहीं, श्रद्धालुओं को रास्तों की जानकारी देने के लिए मेला क्षेत्र और घाटों पर साइनेज लगाए जाएंगे। इस पर 16.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें से 14.80 करोड़ रुपये CSR फंड से जुटाने की योजना है।

40 हजार लोगों की क्षमता वाली डॉरमेट्री समेत प्रशासनिक इंतजाम

सिंहस्थ के दौरान प्रशासनिक कामकाज को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए जोनल कार्यालय, सेक्टर कार्यालय, उप-कार्यालय और अन्य अस्थायी व्यवस्थाएं तैयार की जाएंगी। प्रशासनिक टेंट व्यवस्था के साथ 40,000 लोगों की क्षमता वाली डॉरमेट्री बनाने का प्रस्ताव है। इस पूरी व्यवस्था पर 120.38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शहर में अन्य टेंट व्यवस्था पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित की जाएगी।

मेला प्राधिकरण अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा विक्रेताओं, होटल कर्मचारियों और ऑटो चालकों को भी प्रशिक्षण देगा। इसके लिए 25.15 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। साधु-संतों के साथ संपर्क, समन्वय और विभिन्न आयोजनों के लिए 10 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। वहीं, उज्जैन में न्यायाधीश अतिथि गृह, चालक विश्राम गृह और सेवा भवन के निर्माण पर 19.90 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है।

उज्जैन में 90 करोड़ का बनेगा सिंहस्थ अनुभव केंद्र

सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन को और आकर्षक बनाने के लिए शहर के सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। शहर के 147 जंक्शनों का उन्नयन, लैंडस्केपिंग और 27 स्थानों पर प्लेस मेकिंग के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा कालिदास अकादमी परिसर में भरत विशाल रंगमंच के सामने 11.18 करोड़ रुपये की लागत से स्थायी डोम-शेड बनाया जाएगा। इससे हर साल अस्थायी डोम बनाने पर होने वाला खर्च बचेगा। इस बार सिंहस्थ का एक बड़ा आकर्षण 90 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 'सिंहस्थ अनुभव केंद्र' भी होगा। इसे PPP मॉडल पर करीब 75,000 वर्गफुट क्षेत्र में विकसित करने की योजना है। इस केंद्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑगमेंटेड रियलिटी (AR), वर्चुअल रियलिटी (VR), होलोग्राम और प्रोजेक्शन मैपिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा।

यहां महाकालेश्वर मंदिर, समुद्र मंथन, क्षिप्रा नदी, अखाड़ा परंपरा, सांदीपनि आश्रम और राजा विक्रमादित्य सहित 10 विषयों पर आधारित जोन बनाए जाएंगे। खास बात यह है कि सिंहस्थ समाप्त होने के बाद भी यह केंद्र उज्जैन में पर्यटन के स्थायी आकर्षण के रूप में काम करेगा।

सिंहस्थ की सुरक्षा के लिए 1,862 करोड़ के उपकरण और वाहन खरीदे जाएंगे

करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए इस बार सिंहस्थ में आधुनिक तकनीक का बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया जाएगा। गृह विभाग (पुलिस) ने सुरक्षा से जुड़े उपकरणों और वाहनों की खरीद के लिए कुल 1,862.67 करोड़ रुपये के प्रस्ताव रखे हैं। इसमें बम निरोधक दस्ते (BDDS) के उपकरणों के लिए 207.61 करोड़ रुपये, सुरक्षा उपकरणों के लिए 207.33 करोड़ रुपये और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) के उपकरणों के लिए 22.92 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शामिल है। इसके अलावा साइबर सुरक्षा उपकरणों पर 5.41 करोड़ रुपये, यातायात और भीड़ प्रबंधन उपकरणों पर 220.06 करोड़ रुपये तथा वाहनों की खरीद पर 199.34 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है।

सिंहस्थ के दौरान 100 बम निरोधक दस्तों (BDDS) की जरूरत होगी। उज्जैन के साथ ओंकारेश्वर, महेश्वर और दूसरे प्रमुख धार्मिक स्थलों के अलावा अंतरराज्यीय सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। इसके लिए ड्रोन आधारित निगरानी और एंटी-ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल करने की योजना है। इससे भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर नजर रखना आसान होगा।

क्लीन एंड ग्रीन सिंहस्थ-2028 बनाने पर सरकार का जोर

सरकार का लक्ष्य सिंहस्थ-2028 को केवल एक बड़ा धार्मिक आयोजन बनाने तक सीमित नहीं है। इसे स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु केंद्रित आयोजन के रूप में विकसित करने की तैयारी है। योजनाओं में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दूर-दराज के पार्किंग स्थलों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का खास ध्यान रखा गया है। घाटों तक पहुंचने के रास्ते, सार्वजनिक शौचालय, चेंजिंग रूम, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं को इसी उद्देश्य से मजबूत किया जा रहा है।

वहीं, शहर का सौंदर्यीकरण, क्षिप्रा नदी की सफाई, स्थायी डोम-शेड और सिंहस्थ अनुभव केंद्र जैसी परियोजनाएं आयोजन के बाद भी उज्जैन के काम आएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साफ कर दिया है कि सिंहस्थ की तैयारियों में देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी स्वीकृत और निर्माणाधीन काम दिसंबर 2027 तक पूरे करने होंगे, ताकि सिंहस्थ-2028 के आयोजन के समय किसी तरह की परेशानी न हो।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

MP Cabinet Decisions: मध्य प्रदेश में 7 हजार करोड़ की योजनाओं को मंजूरी, बिजली से लेकर अद्वैत लोक तक बड़े फैसले
MP LPG Crisis: गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे लोग! आखिर क्यों नहीं मिल रहा नया सिलेंडर?