
Mohan Yadav Government: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को भोपाल स्थित मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के विकास, बिजली व्यवस्था, सहकारिता, दुग्ध उत्पादन और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। मंत्रि-परिषद ने विभिन्न योजनाओं के लिए 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की।
मध्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और देशी गौवंश का संरक्षण करने के लिए 'गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना' को मंजूरी दी गई है। इसका उद्देश्य प्रदेश में दूध उत्पादन दोगुने से अधिक करना और मध्य प्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाना है।
योजना के पहले वर्ष 2026-27 में 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक वृंदावन ग्राम में प्रतियोगिता होगी। इसके बाद 2027-28 से 2030-31 तक प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतिदिन कम से कम 6 लीटर दूध देने वाली भारतीय उन्नत नस्ल की गायों के पालक इसमें भाग ले सकेंगे। विजेताओं को क्रमशः 1 लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। पुरस्कार राशि का उपयोग देशी गौवंश के संरक्षण और संवर्धन में करना अनिवार्य होगा।
प्रदेश के 9 कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए 325 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये, जबकि रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
RDSS योजना के तहत 1,834 बसाहटों के 46,574 घरों और 54 सरकारी संस्थानों में बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इसमें केंद्र सरकार 60 प्रतिशत और राज्य सरकार 40 प्रतिशत राशि देगी।
मध्य प्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को खनिज अन्वेषण और सर्वेक्षण की नोडल एजेंसी बनाया गया है। सर्वेक्षण, आंकड़ों के विश्लेषण और ड्रिलिंग के लिए बाहरी एजेंसियों की नियुक्ति पारदर्शी प्रक्रिया से होगी। सर्वेक्षण का कार्य 2028 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है।
बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के लंबित चुनाव एक साल आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाए जाएंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें स्वतंत्रता सेनानियों की पेंशन, लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि, मानव अधिकार आयोग को अनुदान और मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार जैसी योजनाएं शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- Bhopal Utsav Mela 2026: CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ, मेले को लेकर कही बड़ी बात
मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान से संबंधित योजना को अगले पांच वित्तीय वर्षों तक जारी रखने के लिए 1,165 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में अद्वैत लोक (शंकर संग्रहालय) के निर्माण के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यहां हाईस्क्रीन थिएटर, माया गैलरी, लेजर लाइट एवं वाटर शो, अद्वैत नर्मदा विहार, निदिध्यासन केंद्र, कला वीथिका, शंकर स्तंभ, कलाग्राम और पंचायतन मंदिर जैसे आकर्षण विकसित किए जाएंगे। इनके माध्यम से आचार्य शंकर के जीवन, योगदान और अद्वैत वेदांत दर्शन की जानकारी पर्यटकों और श्रद्धालुओं को मिलेगी।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।