CM मोहन यादव ने युवाओं को दिए सफलता के मंत्र, बोले- नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें

Published : Aug 16, 2026, 05:45 PM IST
MP NEWS

सार

भोपाल में 'युवा संवाद' में CM मोहन यादव ने युवाओं से समय प्रबंधन का महत्व साझा किया। उन्होंने युवाओं से नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि देने वाले बनने का आग्रह किया। सरकार उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर बढ़ा रही है।

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 16 अगस्त को भोपाल के एक निजी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया। पूज्य संत दादागुरु महाराज के सानिध्य में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं के सवालों के जवाब देते हुए पढ़ाई, समय प्रबंधन, स्वास्थ्य, करियर और रोजगार को लेकर कई अहम बातें साझा कीं। कार्यक्रम को दादागुरु महाराज ने भी संबोधित किया।

टाइम मैनेजमेंट से दूर होगा परीक्षा का तनाव

  • स्वास्थ्य और व्यस्त दिनचर्या से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में टाइम मैनेजमेंट और नियमित दिनचर्या बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से कहा कि पूरे साल के सिलेबस को यदि नियमित रूप से पढ़ा जाए तो परीक्षा के समय तनाव कम रहता है।
  • सीएम ने कहा कि जिस तरह सोना, खाना और पीना जरूरी है, उसी तरह व्यायाम और पढ़ाई भी जीवन का अहम हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि वह अपनी व्यस्त दिनचर्या के बावजूद योग और व्यायाम के लिए समय निकालते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें डायबिटीज या हृदय संबंधी बीमारी नहीं है और वे चश्मा भी नहीं लगाते।

युवा नौकरी लेने वाले नहीं, देने वाले बनें

  • युवाओं से उनकी अपेक्षाओं के सवाल पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत आज दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है। उन्होंने भगवान राम, भगवान कृष्ण, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह और सुभाष चंद्र बोस जैसे उदाहरण देते हुए युवाओं की क्षमता और योगदान को रेखांकित किया।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित किया गया है। उनकी सरकार चाहती है कि प्रदेश के युवा केवल नौकरी पाने वाले न बनें, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का युवा तेजी से आगे बढ़ रहा है और सरकार युवाओं के लिए कई स्तरों पर काम कर रही है।

पढ़ाई के साथ दूसरी जिम्मेदारियों के लिए भी जरूरी है समय प्रबंधन

  • एक साथ कई जिम्मेदारियां संभालने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि किसी भी काम को बेहतर तरीके से पूरा करने के लिए एकाग्रता और टाइम मैनेजमेंट जरूरी है।
  • डॉ. यादव ने बताया कि छात्र जीवन में वह पढ़ाई के साथ चुनाव लड़ने और दुकान संभालने का काम भी करते थे। उन्होंने कहा कि उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने एमए पॉलिटिकल साइंस किया। इसके बाद पर्यटन निगम के चेयरमैन रहते हुए एमबीए और फिर पीएचडी की। मुख्यमंत्री ने युवाओं से जीवनभर सीखते और पढ़ते रहने की अपील की।

उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर

  • औद्योगिक गतिविधियों से युवाओं को होने वाले लाभ के सवाल पर सीएम ने कहा कि मध्य प्रदेश में उपलब्ध संभावनाओं का पूरा इस्तेमाल करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में भारी उद्योग से लेकर माइनिंग और लघु उद्योग तक कई क्षेत्रों में संभावनाएं मौजूद हैं।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि लघु उद्योग लगाने वालों को सरकार भूमि, बिजली, पानी और रजिस्ट्रेशन शुल्क के साथ ब्याज में छूट जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। रोजगारपरक उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रति श्रमिक 5 हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता 10 साल तक देने की योजना का भी उन्होंने उल्लेख किया।

लाड़ली बहनों को उद्योगों से जोड़ने की योजना

  • सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार लाड़ली बहनों को आर्थिक सहायता दे रही है, लेकिन यदि कोई लाड़ली बहना उद्योग में काम करती है तो उसे अतिरिक्त सहायता देकर उसकी आय बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को रोजगार से जोड़ना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है, ताकि उन्हें बेहतर कमाई के अवसर मिल सकें।

निवेश के लिए मध्य प्रदेश को आकर्षक बनाने का दावा

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए सरकार लगातार नई योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में श्रम कानूनों में किए गए बदलावों को राज्य सरकार ने स्वीकार किया है।
  • सीएम ने कहा कि उद्योगों में अतिरिक्त समय काम करने वाले कर्मचारियों को निर्धारित प्रावधानों के तहत सुविधाएं मिल सकें, इस दिशा में भी सरकार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में तेजी से औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं।

भोपाल में फिर होगा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट

  • डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश निवेश के लिहाज से तेजी से आकर्षक डेस्टिनेशन बन रहा है। उन्होंने बताया कि भोपाल में दूसरी बार ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) आयोजित करने की तैयारी है।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि उद्योग और कारोबार खड़ा करने वाला बनाना है। उन्होंने कहा कि उद्योग रोजगार पाने का नहीं, बल्कि रोजगार देने का माध्यम है और सरकार प्रदेश के युवाओं को उद्यमी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Sports News: 230 विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगे स्टेडियम, CM मोहन का बड़ा ऐलान
Weather Forecast 16 August 2026: दिल्ली-NCR, यूपी, MP और छत्तीसगढ़ में बारिश-तूफान, महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट