
भोपाल: राजधानी के लाल परेड ग्राउंड पर 6 अक्टूबर का दिन उस वक्त बेहद खास बन गया, जब एक ही मंच पर मध्यप्रदेश की समृद्ध संस्कृति, भविष्य की उड़ान और युवाओं की नई ऊर्जा का सीधा संगम देखने को मिला। मौका 'सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026' का था, जहां एक ओर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के विकास का पूरा खाका खींचा, तो वहीं दूसरी ओर युवाओं ने भी प्रदेश के मुखिया से सीधे रूबरू होकर अपने मन की बात शेयर की। गुलाब की पंखुड़ियों से युवाओं के गर्मजोशी भरे स्वागत और मंच पर कदमताल करते 'बडी' रोबोट के बीच यह आयोजन सिर्फ वादों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि संस्कृति और तकनीक का अनूठा उत्सव बन गया, जहां मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल और 'कबीर कैफे' की धुनों ने पूरे माहौल में नया जोश भर दिया। इसी मंच से मुख्यमंत्री ने शिक्षा और रोजगार को लेकर कई बड़े ऐलान किए, जिनमें साल में दो बार एमपी पीएससी कराने, 12 नए मेडिकल कॉलेज व 12 स्किल यूनिवर्सिटी शुरू करने, रिसर्च स्कॉलर्स की फेलोशिप 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रति माह करने और सरकारी कॉलेजों में फ्री कोचिंग जैसी योजनाएं शामिल रहीं।
कॉन्क्लेव में संवाद के प्रदेश के प्रतिभाएं भी सामने आईं। इस दौरान मायशा खान ने पूछा कि सरकार युवाओं को कृषि में किस तरह से आगे बढ़ाने का विचार कर रही है। इस पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कृषि क्षेत्र में हमारी सरकार बहुत तेजी से काम कर रही है। आने वाले समय में फूड प्रोसेसिंग से लेकर खेतों तक वैल्यू चेन बनाएंगे। हमारे युवाओं ने कृषि में बहुत सारे प्रयोग किए हैं। अब तो हमारे यहां ड्रैगन फ्रूट भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पौने 14 लाख किसानों से 104 लाख मीट्रिक टेन गेहूं उपार्जित किया। हम भविष्य में 10 घंटे बिजली दिन में ही देंगे। हम कॉन्टेक्ट फार्मिंग को बढ़ावा दे रहे हैं, दूध का उत्पादन बढ़ाया जाएगा।
छात्रा ईशा बारस्कर ने पूछा कि प्रदेश सरकार एआई और स्टार्टअप क्षेत्र में युवाओं के लिए क्या कर रही है? इस पर सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार इन दोनों क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। भोपाल में एआई सिटी बन रही है। नॉलेज सिटी, साइंस सिटी बन रही है। हम लगातार इनोवेशन कर रहे हैं। हमारी सरकार सेमीकंडक्टर से लेकर हर क्षेत्र में प्रोत्साहन दे रही है। स्टार्टअप के लिए सरकार हर युवा को 5 लाख रुपये की सब्सिडी दे रही है। हम इस दिशा में काम कर रहे हैं कि हमारे बच्चे रोजगार लेने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। इसलिए आईटी पार्की इंदौर, आईटी पार्क रीवा, आईटी पार्क उज्जैन, ग्वालियर में टेलीकॉम जोन की स्थापना कर रहे हैं।
अनिकेत तिवारी ने पूछा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है और इसकी मजबूत नींव रखी है। इसमें खेल, रेल, सड़क, इंफ्रास्ट्रक्चर, खाद्य सुरक्षा सहित हर क्षेत्र के विकास की बात की गई है। इस विकास यात्रा में मध्यप्रदेश का आपका क्या रोडमैप और विजन है? साथ ही, मध्यप्रदेश के युवा किस प्रकार इस विकास यात्रा में अपना योगदान दे सकते हैं? इस पर सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हम सबके जीवन में हमारे माता-पिता बहुत खर्च करके हमें पढ़ने-लिखने के लिए भेजते हैं। ऐसे में हमारा भी दायित्व है कि हम अपने परिवार, समाज और देश के लिए जितना अच्छा कर सकते हैं, उतना करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पूरे देश को अपना परिवार मानकर काम कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में आज देश में विकास के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और आम जनता के कल्याण के लिए भी लगातार काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज हमारे प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी का भी विस्तार हो रहा है। दुर्भाग्य से कहना पड़ता है कि आजादी से पहले अंग्रेजों के समय मध्यप्रदेश में केवल चार एयरपोर्ट थे; इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और भोपाल। जबलपुर में 1930 के आसपास, ग्वालियर में 1935 के आसपास, भोपाल में 1940 के आसपास और इंदौर में 1947-48 के आसपास एयरपोर्ट की शुरुआत हुई थी। इसके बाद 1977 में जनता पार्टी की सरकार के समय खजुराहो में एक एयरपोर्ट शुरू हुआ। लेकिन इसके बाद लंबे समय तक इस दिशा में अपेक्षित विस्तार नहीं हुआ।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज सतना, रीवा और दतिया जैसे शहरों में भी एयर कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है। और आज ही आपने समाचार पत्रों में पढ़ा होगा कि आने वाले समय में लगभग 150 किलोमीटर की दूरी पर एयर स्ट्रिप उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। लगभग 10 एयरपोर्ट और एयर स्ट्रिप के विकास की योजना पर काम हो रहा है, जिनमें से कई इसी वर्ष पूरे होने की संभावना है। आने वाले समय में नई टेक्नोलॉजी और आधुनिक सुविधाओं के बल पर मध्यप्रदेश को और तेज गति से आगे बढ़ाने का हमारा प्रयास है। आज हाइड्रोजन ट्रेन जैसी नई तकनीक हमारे सामने है। कभी हमने सोचा भी नहीं था कि हाइड्रोजन से ट्रेन चलेगी, लेकिन बदलते समय के साथ नई तकनीक हमारे जीवन का हिस्सा बन रही है। उन्होंने कहा कि इसी तरह इंदौर और भोपाल में मेट्रो ट्रेन की सुविधा मिली है। यह भी आधुनिक परिवहन और नई तकनीक की दिशा में एक बड़ा कदम है। हमारी सरकार ने तय किया है कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए, नई तकनीक को अपनाकर और युवाओं की ऊर्जा को विकास से जोड़कर मध्यप्रदेश को और तेज गति से आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय बोलकर किया। उन्होंने कहा कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समाज सेवा के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। उनके नेतृत्व में देश में बदलाव आया है। अभी दो दिन पहले क्रिकेट के मैच में भारत ने युवाओं के बलबूते पाकिस्तान का हराया। ये बदलते दौर का भारत है, युवाओं का भारत है। आज युवाओं के सपने साकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भी अद्भुत समय है। एक ही दिन में भारत की तीनों क्रिकेट टीमों ने अलग-अलग मैच खेले। एक टीम एशियाड खेलों में गोल्ड मेडल ले आई। दूसरी ने सीरीज जीती और तीसरी ने कुछ और ही कमाल किया।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बदलते दौर में भारत के लोगों ने पहचान बनाई। हम भाग्यशाली हैं कि एशियाड खेलों में मध्यप्रदेश के बच्चे भी 5 गोल्ड मेडल लाए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सबसे युवा देश है। युवाओं के भरोसे देश भी आगे बढ़ेगा और मध्यप्रदेश भी आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमें इस बात पर गर्व है कि हमारा मध्यप्रदेश सबसे युवा प्रदेश है। यहां बेरोजगारी की दर भी देश में सबसे कम है। आज हमारे राज्य में वो सारे काम पूरे हो रहे हैं, जिन्हें असंभव माना जाता था। उन्होंने कहा कि पहले मध्यप्रदेश को कृषि आधारित प्रदेश माना जाता था, लेकिन आज मध्यप्रदेश सबसे तेजी से उद्योग, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, टेक्नीकल यूनिवर्सिटी स्थापित करने वाला राज्य बन गया है। मध्यप्रदेश आज हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार ने 85 हजार लोगों को रोजगार दिया। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि जब मैं युवाओं को अपने सामने देखता हूं तो मुझे लगता है कि परिवर्तन का यही समय है, सही समय है। हमारा अगला साल युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। हम साल में एक बार होने वाली पीएससी को दो बार आयोजित करेंगे। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मैं आपको बड़ी जिम्मेदारी दे रहा हूं। हम सबको मिलकर प्रदेश को आगे बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित "सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026" अंतर्गत 15 से अधिक शासकीय विभागों एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा स्टॉल्स पर प्रदर्शित उत्पादों एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में उच्च शिक्षा एवं तकनीकी कौशल पर केंद्रित 80 से अधिक स्टॉल्स के माध्यम से युवाओं को योजनाओं, रोजगार, कौशल विकास एवं विभिन्न अवसरों की जानकारी प्रदान की जा रही है।
सीएम यूथ कांक्लेव 2026 में भविष्य और संस्कृति एक ही मंच पर दिखाई दी। यही है नया मध्यप्रदेश जहां एक तरफ युवा तकनीक भी रचता है तो वहीं दूसरी ओर परंपरा भी निभाता है। हजारों युवाओं के बीच जब एआई ह्यूमनॉइड रोबोट बडी लाल कालीन पर चलता हुआ आया तो सब ने तालियों से स्वागत किया, और उसी मंच पर नीरज आर्य के कबीर कैफे ने जब "झीनी-झीनी बीनी चदरिया" और सूफी गीत छेड़े तो पूरा पंडाल झूम उठा। एक मंच पर टेक्नोलॉजी का रोमांच और संस्कृति का सुकून दोनों देखने को मिले। मध्यप्रदेश का युवा अब दोनों को साथ लेकर चल रहा है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।