
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 जून को इंदौर में आयोजित होने वाले भारत-लैटिन अमेरिका-कैरिबियन (LAC) व्यापार एवं निवेश फोरम-2026 का शुभारंभ करेंगे। राज्य सरकार के सहयोग से ग्लोबल इंडिया बिजनेस फोरम (GIBF) द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) के सहयोग से होटल रेडिसन ब्लू में किया जाएगा। यह फोरम भारत और लैटिन अमेरिका-कैरिबियन देशों के बीच व्यापारिक एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
फोरम में लैटिन अमेरिका और कैरिबियन क्षेत्र के 15 देशों के वरिष्ठ राजनयिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इनमें विभिन्न देशों के राजदूत, एक उच्चायुक्त और एक महावाणिज्यदूत शामिल रहेंगे। इसके अलावा निवेशक, निर्यातक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, व्यापार आयुक्त, एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े उद्यमी और वरिष्ठ शासकीय अधिकारी सहित 350 से अधिक प्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। देश के चार प्रमुख वाणिज्य एवं उद्योग मंडल भी इस आयोजन में सहभागिता करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार निवेश संवर्धन और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उद्योगों के लिए अनुकूल नीतियां, मजबूत अधोसंरचना, तेज निर्णय प्रक्रिया और निवेशक हितैषी वातावरण तैयार कर मध्यप्रदेश वैश्विक निवेशकों के बीच अपनी अलग पहचान बना रहा है। इसी रणनीति के तहत यह फोरम नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बढ़ाने और विदेशी निवेश आकर्षित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
मध्यप्रदेश का निर्यात प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य से लैटिन अमेरिका और कैरिबियन क्षेत्र के देशों को लगभग 4,186 करोड़ रुपये का निर्यात दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 12.6 प्रतिशत अधिक है। इस निर्यात में फार्मास्यूटिकल सेक्टर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ब्राजील, मैक्सिको और चिली वर्तमान में मध्यप्रदेश के प्रमुख निर्यात बाजारों में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव फोरम को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश की औद्योगिक उपलब्धियों, निवेश संभावनाओं और वैश्विक सहयोग के अवसरों पर प्रकाश डालेंगे। कार्यक्रम के दौरान ‘इंडिया-LAC स्पेशल एडिशन’ का विमोचन भी किया जाएगा। साथ ही मध्यप्रदेश की निवेश क्षमता, औद्योगिक विकास और व्यापारिक अवसरों पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। फोरम में विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडल अपनी-अपनी निवेश योजनाओं और व्यापारिक अवसरों को लेकर प्रस्तुतियां देंगे।
फोरम के दौरान विनिर्माण क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जुड़े अवसरों पर विशेष चर्चा होगी। इसके अलावा सेवा क्षेत्र से जुड़े सत्रों में सूचना प्रौद्योगिकी (IT), पर्यटन, फिनटेक और शिक्षा क्षेत्र में निवेश एवं सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उद्योगों और निवेशकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद को बढ़ावा देने के लिए फोरम में बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) और बिजनेस-टू-गवर्नमेंट (B2G) बैठकों का भी आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों के माध्यम से नई व्यापारिक साझेदारियों, निवेश प्रस्तावों और औद्योगिक सहयोग के अवसरों को गति मिलने की उम्मीद है।
भारत-लैटिन अमेरिका-कैरिबियन व्यापार एवं निवेश फोरम-2026 मध्यप्रदेश की बढ़ती वैश्विक आर्थिक उपस्थिति को और मजबूत करेगा। यह आयोजन राज्य को अंतरराष्ट्रीय निवेश, निर्यात वृद्धि और वैश्विक व्यापारिक साझेदारियों के नए अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।