खजुराहो से सांची तक योगमय हुआ मध्यप्रदेश, पर्यटन स्थलों से गूंजा बड़ा संदेश

Published : Jun 21, 2026, 07:24 PM IST
madhya pradesh international yoga day tourist places yoga event

सार

International Yoga Day: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सामूहिक योगाभ्यास हुआ। खजुराहो, सांची और भोपाल से स्वास्थ्य का संदेश गूंजा।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल योगमय नजर आए। भोपाल से लेकर खजुराहो, सांची, ग्वालियर और इंदौर तक हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस वर्ष योग दिवस की थीम "योग फॉर हेल्दी एजिंग" रही, जिसका उद्देश्य बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ और सक्रिय जीवन को बढ़ावा देना है।

भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता से दिए गए वर्चुअल संबोधन का भी प्रसारण किया गया। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि विश्व शांति, मानसिक संतुलन और मानवीय एकता का प्रभावी माध्यम है।

पर्यटन बोर्ड के अधिकारियों ने किया योगाभ्यास

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक एवं पर्यटन सचिव डॉ. इलैयाराजा टी., अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय बेडेकर सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। संत हिरदाराम मेडिकल कॉलेज और आयुर्वेदिक संस्थान के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में योग सत्र आयोजित किया गया।

डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित करता है। वहीं, डॉ. अभय बेडेकर ने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

खजुराहो, सांची और ग्वालियर किले तक पहुंचा योग का संदेश

राज्य के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। खजुराहो, सांची, उदयगिरी, ग्वालियर किला, इंदौर की 56 दुकान और तामिया जैसे पर्यटन केंद्रों पर स्थानीय प्रशासन और पर्यटन विभाग के सहयोग से योग सत्र आयोजित हुए।

विशेष बात यह रही कि कार्यक्रम में सेवा समिति वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को प्राणायाम, ध्यान, सूक्ष्म व्यायाम और विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया। साथ ही छात्र-छात्राओं को योग के शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2014 में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। तब से हर साल पूरी दुनिया में योग दिवस मनाया जा रहा है। मध्यप्रदेश में आयोजित इस वर्ष का कार्यक्रम भी इसी संदेश के साथ संपन्न हुआ कि योग को नियमित जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित समाज का निर्माण किया जा सकता है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

CM मोहन यादव ने बताया युवाओं के लिए क्या कर रही MP सरकार, सुनकर राष्ट्रपति मुर्मु ने दी बधाई
प्राकृतिक खेती पर सीएम मोहन यादव का जोर, गोपालक किसानों को हर गाय पर मिलेंगे 1100 रुपये