
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार 25 जून को मंत्रालय में आयोजित सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के 33 लाख 92 हजार 695 से अधिक बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में मई माह की 203 करोड़ 56 लाख रुपये की पेंशन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार में बुजुर्गों का सान्निध्य और आशीर्वाद जीवन में तपती धूप के बीच ठंडी छांव जैसा होता है। भारतीय संस्कृति में वरिष्ठजनों, असहायों और समाज के कमजोर वर्गों का सम्मान करना केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारा नैतिक और सामाजिक धर्म भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के सम्मान और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
डॉ. यादव ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी गरीब परिवार, माताएं-बहनें अथवा दिव्यांगजन स्वयं को असहाय महसूस न करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में अंत्योदय के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में लगातार काम हो रहा है और मध्यप्रदेश सरकार भी गरीबों, वंचितों तथा कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सरकार की ओर से हितग्राहियों के प्रति सम्मान, स्नेह और सुरक्षा का भरोसा भी है। राज्य सरकार सभी पात्र नागरिकों को अपने परिवार का हिस्सा मानते हुए उनके कल्याण के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान किसान कल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत प्रदेश के किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब किसानों को ऋण चुकाने के लिए 31 मार्च की निर्धारित समयसीमा का इंतजार नहीं करना होगा। किसान जिस दिन ऋण प्राप्त करेगा, उसे उसी तारीख से अगले 12 माह के भीतर ऋण चुकाने की सुविधा मिलेगी। इससे किसानों को वित्तीय प्रबंधन में अधिक सहूलियत मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का प्रत्येक नागरिक स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में देश के 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलने में सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ से अधिक लोगों को हर महीने निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन और उज्ज्वला योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने देश में विकास और सामाजिक सुरक्षा का नया अध्याय लिखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार गरीब, युवा, महिला और किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से वरिष्ठ नागरिक, माताएं-बहनें, दिव्यांगजन तथा अन्य हितग्राही वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए और कार्यक्रम का हिस्सा बने।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।