
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और युवाओं को साथ लेकर ही विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य को हासिल किया जाएगा। उन्होंने बुंदेलखंड की वीरता, संस्कृति और भाषा की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बुंदेली बोली में माधुर्य और अपनत्व की मिठास है, जिसके कारण यह आज लोकप्रिय हो रही है।
मुख्यमंत्री रविवार को भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित तीन दिवसीय बुंदेली समागम के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। यह आयोजन 6 अक्टूबर तक चलेगा।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि सरकार बुंदेलखंड के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। इसके साथ ही क्षेत्र की संस्कृति, साहित्य, लोककला और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड अपनी वीरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए देशभर में जाना जाता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूरी तरह बुंदेलखंडी बोली में बनी फीचर फिल्म 'बिन्नू की बारात' के टीजर और मोशन पोस्टर का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने बुंदेली कलाकारों का सम्मान किया और क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं को बुंदेली सम्मान से सम्मानित किया।
बुंदेली समागम में बुंदेलखंड क्षेत्र के 300 से ज्यादा जेन-जी कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने इन युवाओं के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके सवालों के बेबाकी से जवाब दिए।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें बुंदेलखंड के प्रसिद्ध वाद्ययंत्र तमूरा भेंटकर अभिनंदन किया गया। समागम में बुंदेली कलाकारों ने आकर्षक लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में बुंदेली भाषा और संस्कृति से जुड़े बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।