
Gandhi Sagar News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 18 नवंबर को मंदसौर में गांधीसागर के तट पर मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ मां चंबल की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। उन्होंने मां चंबल से मध्यप्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की। इस दौरान दीपों की रोशनी, शंखनाद और जयकारों से पूरा तट भक्तिमय हो गया। मुख्य पुजारी कैलाश भट्ट सहित 21 पुजारियों ने पूजा संपन्न कराई।
आरती से पहले मुख्यमंत्री ने हिंगलाज रिसॉर्ट बोट क्लब से मिनी क्रूज के जरिए टेंट सिटी बोट क्लब तक यात्रा की। इस दौरान उन्होंने चंबल नदी की प्राकृतिक सुंदरता और आसपास के मनोरम वातावरण का आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबल नदी मालवा की संस्कृति, आस्था और जीवनरेखा है। इसमें घड़ियाल और डॉल्फिन जैसे जलीय जीव भी पाए जाते हैं। उन्होंने नदी के संरक्षण, स्वच्छता और जल के बेहतर उपयोग के लिए सभी से मिलकर काम करने की अपील की।
ये भी पढ़ें- MP News: CM मोहन यादव ने खोला सौगातों का पिटारा, नीमच-मंदसौर बनेगा बड़ा इंडस्ट्रियल हब
मुख्यमंत्री ने बताया कि गांधीसागर बांध में उपलब्ध जलराशि का बेहतर उपयोग करने के लिए पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना पर काम किया जा रहा है। नई तकनीक से बिजली उत्पादन में करीब 20 गुना वृद्धि का लक्ष्य है। इसमें दो जलाशयों के माध्यम से एक ही पानी का बार-बार उपयोग कर बिजली बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से मध्यप्रदेश के साथ दूसरे राज्यों को भी बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इसे देश के लिए एक महत्वपूर्ण उदाहरण और केस स्टडी बताया।
मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की निवेश संवर्धन योजना के तहत 40.50 करोड़ रुपये की गांधीसागर इको-टूरिज्म परियोजना के पांच प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि गांधीसागर क्षेत्र पर्यटन, वन्यजीव संरक्षण और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। यहां टेंट सिटी, फॉरेस्ट रिट्रीट, वाटर स्पोर्ट्स और साहसिक गतिविधियों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
ये भी पढ़ें- MP News: देवास के खिलाड़ियों को बड़ा तोहफा, CM मोहन यादव ने किया 400 मीटर ट्रैक का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 'उपज से उद्यम' प्रदर्शनी का शुभारंभ कर किसानों, उद्यमियों और महिला स्व-सहायता समूहों के स्टॉल देखे। उन्होंने धनिया, लहसुन, मूंगफली, संतरा, पान, औषधि और दुग्ध उत्पादन से जुड़े उत्पादों की जानकारी ली। किसानों से उत्पादन लागत और बाजार उपलब्धता पर चर्चा की। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर व्यवस्था विकसित करने की बात कही। इस अवसर पर मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने चंबल नदी को स्वच्छ रखने, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में योगदान देने का संकल्प लिया।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।