
भोपाल/बेंगलुरु। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 नवंबर को बेंगलुरु पहुंचे, जहां उन्होंने स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान में आयोजित प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भारतीय ज्ञान परंपरा, योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रशांति कुटीरम के 50 साल पूरे होना केवल एक संस्थान की उपलब्धि नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, योग साधना और मानव कल्याण के लिए पांच दशकों से किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने संस्थान की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पद्मश्री डॉ. एच.आर. नागेंद्र की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने नासा जैसी प्रतिष्ठित संस्था को छोड़कर अपना जीवन योग, आध्यात्मिकता और मानव सेवा के लिए समर्पित कर दिया। ऐसे व्यक्तित्व से प्रेरणा लेकर ही इस संस्थान ने अपनी अलग पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बेंगलुरु की इस पावन धरती पर प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होना उनके लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का अभिनंदन करते हुए कहा कि पद्मश्री डॉ. एच.आर. नागेंद्र जैसे महान वैज्ञानिक और ऋषितुल्य व्यक्तित्व ने अपना पूरा जीवन भारतीय ज्ञान परंपरा और मानवता की सेवा में लगा दिया।
उन्होंने कहा कि 20वीं शताब्दी में ऐसे विलक्षण व्यक्तित्व बहुत कम देखने को मिलते हैं। प्रशांति कुटीरम की 50 साल की यात्रा योग, आध्यात्मिक चेतना और मानव कल्याण के प्रति समर्पण की मिसाल है। यह उपलब्धि भारतीय ज्ञान परंपरा और हमारी प्राचीन विरासत के महत्व को भी सामने लाती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि देश ने पिछले कुछ वर्षों में कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। खासतौर पर चिकित्सा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को जो सम्मान और पहचान मिली है, वह सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था, जब चिकित्सा के क्षेत्र में एलोपैथिक पद्धति का ही सबसे अधिक प्रभाव दिखाई देता था। लेकिन कोरोना जैसी मुश्किल परिस्थितियों में भी भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की उपयोगिता सामने आई। उस दौर में एलोपैथिक अस्पतालों में भी आयुर्वेदिक काढ़े और पारंपरिक उपचारों का इस्तेमाल किया गया। इससे लोगों का अपनी प्राचीन चिकित्सा परंपराओं के प्रति विश्वास और गर्व बढ़ा।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद, नेचुरोपैथी, फिजियोथेरेपी और प्राकृतिक चिकित्सा की दूसरी पद्धतियों का भी अपना विशेष महत्व है। इनका उद्देश्य केवल बीमारियों का इलाज करना नहीं, बल्कि व्यक्ति को स्वस्थ जीवनशैली देना और उसके संपूर्ण स्वास्थ्य का ध्यान रखना है। डॉ. यादव के मुताबिक, भारत के पास हजारों-लाखों वर्षों पुरानी ज्ञान परंपरा है। हमारे ऋषि-मुनियों ने योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आध्यात्मिक जीवनशैली को समाज के संस्कारों का हिस्सा बनाया था। यह हमारी गौरवशाली विरासत है, जिसे आज पूरी दुनिया के सामने फिर से स्थापित करने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति समाज के हर वर्ग में रुचि बढ़ रही है। खासकर युवा पीढ़ी इन विधाओं से जुड़ रही है और अपने ज्ञान, मेहनत और सामर्थ्य से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को दुनियाभर में पहचान दिला रही है। उन्होंने प्रशांति कुटीरम के काम की तारीफ करते हुए कहा कि संस्थान ने योग को केवल आध्यात्मिक अभ्यास तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे आधुनिक विज्ञान और चिकित्सा अनुसंधान से जोड़ने का भी प्रयास किया है। इस तरह के प्रयास भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को नई दिशा देने में मददगार साबित हो सकते हैं।
मध्यप्रदेश की प्राकृतिक संपदा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भौगोलिक क्षेत्रफल के लिहाज से राजस्थान के बाद मध्यप्रदेश देश का दूसरा सबसे बड़ा राज्य है। यहां समृद्ध वन क्षेत्र, वन्यजीवों की विविधता और प्राकृतिक सुंदरता के साथ औषधीय खेती की भी व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने पिछले दो वर्षों में नौ नए आयुर्वेदिक महाविद्यालय खोलने का निर्णय लिया है। सरकार आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके साथ ही औषधीय फसलों की खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में अश्वगंधा और सफेद मूसली जैसी औषधीय फसलों का उत्पादन हो रहा है। मंदसौर और नीमच जैसे जिलों से औषधीय उत्पादों की आपूर्ति देश के अलग-अलग हिस्सों में की जा रही है। सरकार किसानों को तुलसी समेत दूसरी औषधीय फसलों की खेती के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ प्रदेश को औषधीय कृषि के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पारंपरिक कृषि व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गोपालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे पशुपालन को प्रोत्साहन मिलेगा और दूध उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश फिलहाल देश में दूध उत्पादन के मामले में तीसरे स्थान पर है, लेकिन सरकार का लक्ष्य इसे पहले स्थान पर पहुंचाना है। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में भी मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजना चला रही है। इसके तहत प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को एक गाय के पालन-पोषण के लिए पूरे साल का खर्च सरकार की ओर से दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना, गोपालन को प्रोत्साहित करना, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। खेती, पशुपालन और प्राकृतिक संसाधनों को एक साथ जोड़कर ऐसा मॉडल तैयार करने की कोशिश है, जिससे किसानों की समृद्धि के साथ पर्यावरण का संरक्षण भी हो सके।
मुख्यमंत्री ने युवाओं की भूमिका पर बात करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि नई पीढ़ी अपनी सोच और काम करने के तरीके में बदलाव लाए। पढ़ाई का मकसद केवल डिग्री हासिल करना और नौकरी पाना नहीं होना चाहिए। युवाओं को नौकरी मांगने वालों के बजाय रोजगार देने वाला बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल रोजगार तलाशना काफी नहीं है, बल्कि नए रोजगार के अवसर पैदा करना भी जरूरी है। कृषि, औषधीय खेती, प्राकृतिक चिकित्सा, गोपालन और पशुपालन जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए काफी संभावनाएं हैं। जरूरत इस बात की है कि युवा इन अवसरों को समझें, नए प्रयोग करें और अपनी क्षमता का इस्तेमाल आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान के कामकाज की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद, नेचुरोपैथी और फिजियोथेरेपी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान ने अपनी 50 साल की गौरवशाली यात्रा पूरी की है और इस स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। डॉ. एच.आर. नागेंद्र ने नासा जैसे प्रतिष्ठित संस्थान को छोड़कर इस संस्थान की स्थापना की और इसे एक अलग पहचान दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा के आधार पर योग और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में संस्थान जो काम कर रहा है, वह प्रशंसनीय है। उन्हें उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में भी यह संस्थान इसी तरह आगे बढ़ेगा और भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देगा। अंत में उन्होंने संस्थान के सभी पदाधिकारियों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों और सहयोगियों को स्वर्ण जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।