
Madhya Pradesh Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में मंगलवार सुबह भीषण सड़क दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक ट्रैवलर वैन को टक्कर मार दी। सभी मृतक प्रयागराज में महाकुंभ 2025 (Mahakumbh 2025) स्नान के बाद आंध्र प्रदेश लौट रहे थे।
Jabalpur Road Accident: हादसा जबलपुर के नागपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरगी गांव के पास सुबह करीब 9 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक गलत दिशा से आ रहा था और एक वाहन को ओवरटेक करने के दौरान ट्रैवलर वैन से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैवलर वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और डिवाइडर में फंस गई। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक कार भी दुर्घटना का शिकार हो गई, हालांकि उसमें सवार लोगों को गंभीर चोट नहीं आई।
जबलपुर अतिरिक्त एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू किया। अब तक ट्रैवलर वैन से 7 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कुछ लोग अभी भी वाहन में फंसे हो सकते हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है।
ये भी पढ़ें… GBS का प्रकोप: अब तक 167 मामलों की पुष्टि से हड़कंप, जानें कैसे फैलती है बीमारी?
जबलपुर कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना और एसपी घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। कलेक्टर ने बताया कि यह दुर्घटना जबलपुर से 65 किलोमीटर दूर सिहोरा कस्बे के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुई। उन्होंने कहा कि सभी मृतक आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे, जो प्रयागराज महाकुंभ (Mahakumbh 2025) स्नान के बाद अपने घर लौट रहे थे।
सिहोर पुलिस के मुताबिक, अब तक दो लोगों को वाहन से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी बुरी तरह से फंसा हुआ है। उसे सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है। (Mahakumbh 2025) सभी मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखे गए हैं और परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है और दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें… चलती बस से दो छात्राओं ने लगाई छलांग, चौंकाने वाली है वजह
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।