
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की द्वितीय अवसर परीक्षा-2026 में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को ध्यान में रखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा इस वर्ष पहली बार पारंपरिक पूरक परीक्षा के स्थान पर 'द्वितीय अवसर परीक्षा' आयोजित की गई। यह व्यवस्था उन विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित हुई है, जो मुख्य परीक्षा में अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं कर सके थे।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत मध्यप्रदेश में विद्यार्थियों के हित में ऐतिहासिक पहल करते हुए इस वर्ष पहली बार पूरक परीक्षा के स्थान पर ‘द्वितीय अवसर परीक्षा’ आयोजित की गई।
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) के लिए आयोजित द्वितीय अवसर परीक्षा-2026 में…— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) June 12, 2026
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लागू की गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों के अनुरूप मध्यप्रदेश में विद्यार्थियों के हित में यह महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल की गई है। इस व्यवस्था ने हजारों विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक लक्ष्य हासिल करने का एक और मौका प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में यह बदलाव विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ उनके भविष्य को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि द्वितीय अवसर परीक्षा केवल असफल विद्यार्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि श्रेणी सुधार (Category Improvement) की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए भी उपयोगी साबित हुई है। इसके अलावा वे विद्यार्थी, जो गंभीर बीमारी, व्यक्तिगत कारणों या अन्य परिस्थितियों के कारण मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे, उन्हें भी इस परीक्षा के माध्यम से अपनी पढ़ाई जारी रखने और बेहतर परिणाम प्राप्त करने का अवसर मिला।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जानकारी दी कि द्वितीय अवसर परीक्षा-2026 में कुल 1 लाख 42 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इनमें से लगभग 84 हजार विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों द्वारा इस अवसर का लाभ उठाना इस पहल की सफलता को दर्शाता है। यह व्यवस्था विद्यार्थियों की आगे की शिक्षा, करियर और आत्मविश्वास को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।