AIM Congress 2026: दुबई में CM मोहन यादव की ताबड़तोड़ बैठकें, निवेश पर बड़ा फोकस

Published : Sep 07, 2026, 08:58 AM IST
cm mohan yadav dubai aim congress 2026 meetings

सार

CM मोहन यादव के दुबई दौरे का दूसरा दिन निवेश के लिहाज से अहम है। AIM Congress 2026 में MP की क्षमता दिखाकर Global Investors को Summit 2027 का न्योता देंगे।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के चार दिवसीय दुबई दौरे का दूसरा दिन मध्यप्रदेश के लिए निवेश के लिहाज से खास रहने वाला है। 7 सितंबर को मुख्यमंत्री AIM Congress 2026 में शामिल होंगे और अलग-अलग देशों के राजनीतिक व शासन-स्तरीय प्रतिनिधियों, निवेशकों तथा यूएई के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ मुलाकात और संवाद करेंगे। दिनभर होने वाले कार्यक्रमों में मध्यप्रदेश की निवेश क्षमता, औद्योगिक संभावनाओं और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के अवसरों को प्रमुखता से रखा जाएगा। कोशिश प्रदेश को वैश्विक निवेशकों के सामने एक मजबूत और भरोसेमंद निवेश गंतव्य के तौर पर पेश करने की है।

AIM Congress 2026 में MP की औद्योगिक ताकत दिखाएंगे CM मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव AIM Congress 2026 के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। इस पवेलियन के जरिए प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसर और कारोबार के लिए तैयार किए जा रहे अनुकूल माहौल को वैश्विक निवेश समुदाय के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

दुबई प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की संयुक्त अरब अमीरात की संघीय सर्वोच्च परिषद के सदस्य और रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से शिष्टाचार भेंट भी प्रस्तावित है। इस मुलाकात में मध्यप्रदेश और यूएई के बीच निवेश तथा आर्थिक सहयोग की संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर बातचीत का रास्ता खुलेगा।

Global Investors को Invest Madhya Pradesh का न्योता

AIM Congress के लीडर्स सेशन में मुख्यमंत्री डॉ. यादव राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों की मौजूदगी में संबोधित करेंगे। यहां वे मध्यप्रदेश की विकास यात्रा, राज्य में मौजूद निवेश संभावनाओं और उद्योगों के लिए तैयार किए जा रहे इकोसिस्टम की जानकारी अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ साझा करेंगे।

इसी मंच से Invest Madhya Pradesh Global Investors Summit 2027 के लिए दुनियाभर के निवेशकों को आमंत्रित भी किया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि मध्यप्रदेश को लेकर वैश्विक निवेशकों की रुचि को और मजबूत किया जाए। मुख्यमंत्री की तातारस्तान गणराज्य, रूस के गवर्नर के साथ बैठक भी होगी। इस दौरान मध्यप्रदेश और रूस के बीच औद्योगिक सहयोग तथा निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

‘Invest in Madhya Pradesh, India’ से निवेशकों को बताएंगे अवसर

दूसरे दिन का सबसे अहम कार्यक्रम ‘Invest in Madhya Pradesh, India’ निवेश सत्र रहेगा। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वैश्विक निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों के सामने प्रदेश की निवेश क्षमता का विस्तृत खाका रखेंगे। इस दौरान प्रमुख औद्योगिक सेक्टर, अधोसंरचना और निवेश के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री का संबोधन मध्यप्रदेश को एक विश्वसनीय और तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने पर केंद्रित रहेगा।

इसके बाद यूएई के विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जेयूदी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। यह संवाद भारत, मध्यप्रदेश और यूएई के बीच व्यापार तथा निवेश संबंधों को और विस्तार देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Tourism और Economic Cooperation पर भी फोकस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की यूएई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मरी के साथ बैठक होगी। इस बातचीत में निवेश और व्यापार के साथ पर्यटन तथा आर्थिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री की विदेश व्यापार राज्य मंत्री और AIM Congress के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल जेयूदी के साथ बैठक होगी। दोनों पक्षों के बीच व्यापार और निवेश से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

LuLu Group से निवेश और व्यापार पर होगी चर्चा

दुबई दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. यादव की लूलू ग्रुप इंटरनेशनल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक यूसुफ अली एम.ए. के साथ बैठक भी महत्वपूर्ण रहेगी। इस मुलाकात में मध्यप्रदेश में निवेश और व्यापार के विस्तार की संभावनाओं पर बातचीत की जाएगी। सरकार की कोशिश प्रदेश के कारोबारी अवसरों को बड़े अंतरराष्ट्रीय समूहों तक पहुंचाने की है। दिनभर के व्यस्त कार्यक्रमों का समापन दुबई के महावाणिज्य दूत की ओर से आयोजित रात्रिभोज में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सहभागिता के साथ होगा।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Dubai में MP का जलवा! ODOP प्रदर्शनी से स्थानीय उत्पादों को मिलेगा ग्लोबल मंच
Dubai में MP की ऐसी ब्रांडिंग, 2027 Investors Summit से पहले क्यों बढ़ी हलचल?