Ladli Behna Yojana 39th Installment: मैहर में CM मोहन यादव का भावुक अंदाज, गीत गाकर बहनों को दिया राखी का बड़ा तोहफा

Published : Aug 19, 2026, 06:00 PM IST
mohan yadav transfer ladli behna 39th installment

सार

मैहर में CM मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना के तहत 1.25 करोड़ महिलाओं को 2148 करोड़ रुपये भेजे, गीत गाया और कई बड़ी घोषणाएं कीं।

भोपाल/मैहर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार, 19 अगस्त को मैहर में कुछ अलग अंदाज में नजर आए। लाड़ली बहना योजना के कार्यक्रम में उन्होंने मंच से मशहूर गीत 'फूलों का तारों का सबका कहना है...', गाकर बहनों का अभिवादन किया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य की 1.25 करोड़ से ज्यादा लाड़ली बहनों के खातों में 2148 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए।

इस बार बहनों को हर महीने मिलने वाली 1500 रुपये की राशि के साथ रक्षाबंधन के मौके पर 250 रुपये का अतिरिक्त शगुन भी दिया गया। कार्यक्रम में मैहर की प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी अनन्या अवधिया और उन्नति पांडे भी मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान 256 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। उन्होंने लाड़ली बहनों पर पुष्पवर्षा की, हितग्राहियों को लाभ वितरित किए और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया। जनअभियान परिषद की सखियों ने उन्हें विशाल राखी भेंट कर सम्मानित किया।

लाड़ली बहना योजना में 2148 करोड़ रुपये ट्रांसफर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उनकी सरकार हर महीने लाड़ली बहना योजना की राशि नियमित रूप से बहनों के खातों में भेजती है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन साल में एक बार आता है, लेकिन सरकार हर महीने बहनों के सम्मान का उत्सव मनाती है। उन्होंने कहा कि मैहर मां शारदा की पावन नगरी है और यहां बहनों का स्नेह देखकर उन्हें विशेष खुशी हो रही है। मुख्यमंत्री ने आल्हा-ऊदल की लोकगाथा का भी उल्लेख किया और कहा कि मां शारदा की महिमा आज भी लोगों की आस्था का केंद्र बनी हुई है।

सनातन संस्कृति और परिवार की परंपरा का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की ताकत उसके तीज-त्योहार और परिवार व्यवस्था में है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति पूरी वसुधा को परिवार मानने की शिक्षा देती है। पेड़, पौधे, नदियां और पहाड़ भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत दुनिया के सामने आत्मविश्वास के साथ खड़ा है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ सेना की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सेना हर चुनौती का जवाब देने में सक्षम है।

'फूलों का तारों का...' गाकर बहनों का बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भावुक भी दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि उनके दोनों हाथों में प्रेम का धागा बंधा है और वे खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं। इसी दौरान उन्होंने मंच से गीत की पंक्तियां गाईं- "फूलों का तारों का कहना है, सबका कहना है..." और इसे लाड़ली बहनों के सम्मान से जोड़ते हुए कहा कि सरकार को 1.25 करोड़ बहनों का आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार नियमित राशि के अलावा सावन के उपहार के रूप में 250 रुपये अतिरिक्त दिए गए हैं।

CM मोहन यादव ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- बहनों का अपमान बर्दाश्त नहीं

CM मोहन यादव ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब भी सरकार लाड़ली बहना योजना की राशि भेजती है, कांग्रेस सवाल उठाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बहनों के बारे में अपमानजनक बातें कही हैं। मुख्यमंत्री ने बहनों से कहा कि चुनाव के समय उन्हें इस बात को याद रखना चाहिए और अपने वोट से जवाब देना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि सरकार ने चुनाव से पहले जो वादा किया था, उसे लगातार निभाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बहनों से कहा- भाइयों को मिठाई खिलाना, मैं समझूंगा मुझे टीका लगा

मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों से अपील की कि जब उनके खाते में राशि पहुंचे तो वे अपने भाइयों को मिठाई खिलाएं और तिलक करें। उन्होंने कहा कि वे इसे अपना आशीर्वाद मानेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय परिवार व्यवस्था की असली ताकत मां और बहनें हैं। वे अपना घर छोड़कर नए परिवार को अपनाती हैं और पूरे परिवार को जोड़े रखती हैं।

मार्गरेट थैचर का उदाहरण देकर परिवार व्यवस्था की तारीफ

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ब्रिटेन की पूर्व प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक सम्मेलन में थैचर ने भारत और लंदन के बीच सबसे बड़ा अंतर परिवार व्यवस्था को बताया था। उन्होंने कहा कि भारतीय मां अपने बच्चों के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर देती है और यही हमारी संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है।

महिलाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों को मिलेगा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं की आय बढ़ाने पर काम कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि जो उद्योग महिलाओं को रोजगार देगा, उसे सरकार प्रति महिला 5 हजार रुपये की सहायता देगी। उन्होंने बताया कि चित्रकूट क्षेत्र में 3 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य मंजूर किए गए हैं। साथ ही मैहर लोक परियोजना के पहले चरण का भूमि-पूजन भी किया गया। उन्होंने कहा कि कैबिनेट ने फैसला किया है कि आने वाले पांच वर्षों तक लाड़ली बहना योजना की राशि जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं इस राशि से सिलाई मशीन खरीद रही हैं, ब्यूटी पार्लर चला रही हैं और परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी कर रही हैं।

नशा विरोधी अभियान और नर्मदा परियोजना का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नक्सलवाद पर नियंत्रण के बाद अब नशा विरोधी अभियान को तेज कर रही है। उन्होंने बताया कि 19 धार्मिक शहरों में शराब की दुकानें बंद की जा चुकी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ उन्हें नशे से भी दूर रखें। उन्होंने नर्मदा परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जो योजना अधूरी रह गई थी, उसे सरकार ने आगे बढ़ाया और अब इस क्षेत्र के गांवों तक नर्मदा का पानी पहुंचेगा।

किसानों, गरीबों और बिजली व्यवस्था को लेकर बड़े वादे

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को खाते पलटाने की परेशानी नहीं होगी। आने वाले समय में खेती के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन गरीब परिवारों के घर अभी तक नहीं बने हैं, उन्हें भी आवास मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि मैहर जिले में कलेक्टर सहित 16 बड़े पदों पर महिलाएं जिम्मेदारी निभा रही हैं।

विधानसभा में महिलाओं के आरक्षण पर भी बोले

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस ने सहयोग किया होता तो विधानसभा में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिल जाता। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि माताएं और बहनें विधानसभा और लोकसभा में पहुंचेंगी तो इसमें गलत क्या है।

मैहर के लिए सीएम मोहन यादव की बड़ी घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के लिए कई अहम घोषणाएं कीं-

  • 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्टेडियम बनेगा।
  • 50 करोड़ रुपये से लिलजी जलाशय का नवीनीकरण होगा।
  • मैहर में बड़ा अस्पताल बनाया जाएगा।
  • 5000 गौवंश क्षमता की बड़ी गौशाला बनाई जाएगी।
  • आईटीआई संस्थान की स्थापना होगी और स्कूलों का उन्नयन किया जाएगा।
  • आल्हा गायकों की समितियों को 25-25 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

MP School: 5वीं के छात्र पर लड़कियों को पेशाब पिलाने का आरोप, प्रिंसिपल बोलीं- 'चॉकलेट खा लो'
Guna Balram Krishi Mahotsav: किसानों की आय बढ़ाने की तैयारी, कुंभराज धनिया को मिलेगा GI Tag