
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में विकास की रफ्तार किसी भी हाल में थमेगी नहीं। सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने विशेष रूप से दूध उत्पादन में मध्यप्रदेश को देश में पहले स्थान पर लाने की योजना पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि डॉ. आंबेडकर कामधेनु योजना के तहत पशुपालकों को विशेष अनुदान दिया जाएगा। 25 या उससे अधिक गाय पालने वाले गोपालकों को 10 लाख रुपये तक का अनुदान मिलेगा। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे गाय पालन और दुग्ध उत्पादों के उत्पादन में बढ़ोत्तरी करें।
यह भी पढ़ें: MP News : देश की पहली ‘सोलर-प्लस-स्टोरेज’ परियोजना बनी मिसाल, ऐतिहासिक सफलता
शनिवार को अशोकनगर जिले के मुंगावली विधानसभा के ग्राम रसुल्ला में आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव उपस्थित हुए। कार्यक्रम स्व. रघुवीर सिंह यादव की स्मृति में आयोजित किया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। दशहरे पर शस्त्रपूजन पूरे प्रदेश में आयोजित होगा, वहीं दीपावली में गोवर्धन पूजा की जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराम के विभिन्न लीला स्थलों को तीर्थ और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, हर घर नल से जल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से प्रदेश के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। लाड़ली बहनों को प्रतिमाह राशि उपलब्ध कर उनका सम्मान बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने ग्राम रसुल्ला के हाईस्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रोन्नत करने की घोषणा की। खेल मैदान और खेल परिसर के निर्माण की भी स्वीकृति दी। साथ ही, ग्राम रसुल्ला से जुड़े गांवों में लगभग 100 हेक्टेयर की सिंचाई परियोजना का सर्वेक्षण करने के निर्देश कलेक्टर को दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। यह योजना आम लोगों को इमरजेंसी में मदद करने के लिए प्रेरित करेगी।
डॉ. यादव ने स्व. रघुवीर सिंह यादव की छठवीं पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इसके अलावा राधाकृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने सेवाओं और योजनाओं की जानकारी लेकर अधिकारियों को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश की “संपदा 2.0” ने जीता SKOCH गोल्ड अवॉर्ड, जानें कैसे बदल रही सरकार की सेवाएँ
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।