
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नीमच जिले के 500 मेगावाट क्षमता वाले सोलर पार्क और ग्राम खिमला में निर्माणाधीन गांधीसागर पंप स्टोरेज परियोजना का हवाई निरीक्षण (एरियल सर्वे) किया। सर्वेक्षण के बाद अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की प्रगति, तकनीकी विशेषताओं और ऊर्जा उत्पादन क्षमता की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी, प्रदेश के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, ग्रीनको ग्रुप के सीईओ श्री मौर्या, सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक माधव मारू सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ग्रीनको ग्रुप द्वारा लगभग 11,470 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित की जा रही 1,920 मेगावाट क्षमता वाली गांधीसागर पंप स्टोरेज परियोजना देश की सबसे बड़ी पंप स्टोरेज परियोजनाओं में शामिल है। इस परियोजना की कुल ऊर्जा भंडारण क्षमता 10,326 मेगावाट प्रति घंटा (MWh) होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे मध्यप्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह परियोजना प्रदेश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा उत्पादन को भी नई दिशा देगी।
परियोजना के अंतर्गत गांधीसागर के मौजूदा जलाशय और ग्राम खिमला में बनाए जा रहे ऊपरी जलाशय का उपयोग पंप स्टोरेज तकनीक के माध्यम से बिजली उत्पादन के लिए किया जाएगा। इस आधुनिक तकनीक में पानी का बार-बार उपयोग किया जा सकेगा। वाष्पीकरण से होने वाली सामान्य हानि को छोड़ दें तो अतिरिक्त पानी की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे जल संरक्षण के साथ पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। परियोजना में 240 मेगावाट क्षमता की सात और 120 मेगावाट क्षमता की दो द्वि-दिशात्मक (रिवर्सिबल) टर्बाइन इकाइयां स्थापित की जा रही हैं, जो बिजली उत्पादन और ऊर्जा भंडारण दोनों कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
ग्राम खिमला में निर्माणाधीन इस महत्वाकांक्षी परियोजना के कार्य में वर्तमान समय में प्रतिदिन तीन हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और मध्यप्रदेश की स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र को लगातार मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। गांधीसागर पंप स्टोरेज परियोजना और नीमच सोलर पार्क जैसे बड़े प्रोजेक्ट मध्यप्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ देश के अग्रणी ग्रीन एनर्जी राज्यों में शामिल करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में निवेश, औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ मजबूती मिलेगी।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।