
भोपाल/बुरहानपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 6 मई को बुरहानपुर के परमानंद गोविंदजीवाला सभागृह में उद्योगपतियों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में व्यापारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की हर समस्या का समाधान किया जाएगा। साथ ही कपास को ड्यूटी फ्री करने के प्रयास और उद्योगपतियों के लिए नए मार्ग की घोषणा की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने अपनी उद्यमिता के दम पर दुनिया की आर्थिक स्थिति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि प्राचीन समय में भारत का वैश्विक व्यापार में लगभग 33% योगदान था, जो बाद में घट गया। मसाले, रेशम और धातुओं के व्यापार से देश आर्थिक रूप से मजबूत बना। उन्होंने कहा कि अब फिर से उद्यमिता के जरिए देश मजबूत हो रहा है।
डॉ. यादव ने उद्योगपतियों की तुलना फिनिक्स पक्षी से करते हुए कहा कि जैसे फिनिक्स राख से फिर जन्म लेकर उड़ान भरता है, वैसे ही हमारे उद्योगपति भी चुनौतियों के बाद और मजबूत होकर आगे बढ़ते हैं। उनका विश्वास है कि आने वाले समय में उद्योगपति और अधिक ऊंची उड़ान भरेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक क्षेत्र में नई ऊंचाई हासिल की है। जन-धन योजना जैसे कदमों से आर्थिक व्यवस्था मजबूत हुई और लोगों तक सीधे लाभ पहुंचा। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार जन कल्याण के लिए काम कर रही है और इसी दिशा में 2025 को उद्योग वर्ष और 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने व्यापारी कल्याण बोर्ड के गठन को मंजूरी दी है, जो जिला स्तर तक काम करेगा। इसके अलावा निमाड़ इन्वेस्टर्स समिट आयोजित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि कई अनावश्यक कानूनों को समाप्त किया गया है और बिजली व्यवस्था में सुधार के प्रयास जारी हैं।
डॉ. यादव ने कहा कि बुरहानपुर भले ही छोटा जिला हो, लेकिन यहां के लोग बड़े सोच वाले हैं। उन्होंने इसे दक्षिण का द्वार और विकास का केंद्र बताया। यहां उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो रहा है और सरकार हर संभव सहयोग देगी।
उद्योगपतियों से संवाद के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना है। उद्योग, व्यापार और रोजगार को बढ़ावा देकर प्रदेश और देश को आगे ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा के 200 से अधिक विधायक बनने की स्थिति में 9 मई को सरकार बनती हुई देखी जा सकती है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।