
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 26 जुलाई को निवाड़ी जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले को अधोसंरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और ग्रामीण विकास से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री करीब 193 करोड़ रुपए की लागत से तैयार और प्रस्तावित कुल 59 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। इन परियोजनाओं से जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवाड़ी में नवनिर्मित संयुक्त कार्यालय कलेक्ट्रेट भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा राजस्व विभाग के कर्मचारियों के लिए बनाए गए निवाड़ी में 46 और पृथ्वीपुर में 29 राजस्व स्टाफ आवासों का भी उद्घाटन करेंगे। इन भवनों के शुरू होने से प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कई स्वास्थ्य परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें जिला चिकित्सालय निवाड़ी के 100 बिस्तरीय भवन का उन्नयन, ग्राम जेवरा (ब्लॉक पृथ्वीपुर) में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, ब्लॉक पृथ्वीपुर में नया प्राथमिक स्वास्थ्य भवन, ग्राम सेंंदरी (ब्लॉक निवाड़ी) में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और संजीवनी क्लिनिक शामिल हैं। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आयुष विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का भी लोकार्पण करेंगे। इन योजनाओं का उद्देश्य जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करना और लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।
लोकार्पण के साथ-साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। वे लोक निर्माण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आयुष, उच्च शिक्षा, कौशल विकास, स्कूल शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत बनने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद जिले में विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।