MP News: ओंकारेश्वर हादसे पर CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, दोषी नहीं बचेंगे

Published : Jul 26, 2026, 07:01 PM IST
mohan yadav omkareshwar septic tank accident

सार

ओंकारेश्वर सेप्टिक टैंक हादसे में मासूम की मौत पर CM डॉ. मोहन यादव ने विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। दोषियों पर सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ओंकारेश्वर में हुई सेप्टिक टैंक दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की विभागीय जांच के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सेप्टिक टैंक हादसे की विभागीय जांच, दोषी अधिकारी-कर्मचारी होंगे निलंबित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में लापरवाही करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को तत्काल निलंबित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ बर्खास्तगी सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार के लिए आमजन की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

अतिक्रमण नोडल अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी

मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से अतिक्रमण नोडल अधिकारी एवं उपयंत्री सुरेश चंद्र पाटीदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घाटों की सुरक्षा और सीवर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और नगर परिषद को निर्देश दिए हैं कि ओंकारेश्वर के घाटों पर गंदगी और सीवेज का पानी न पहुंचे, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि घाटों और अन्य खतरनाक स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और पुलिस तथा होमगार्ड की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

टूटे सीवर ढक्कन तुरंत बदलने और सर्वे कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सभी सीवर चैंबर का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी टूटे या क्षतिग्रस्त ढक्कन हैं, उन्हें तत्काल बदला जाए और सभी जरूरी मरम्मत कार्य बिना देरी के पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

कैसे हुआ ओंकारेश्वर का दर्दनाक हादसा?

गौरतलब है कि शनिवार को ओंकारेश्वर के ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें तीन वर्षीय मासूम की सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र स्थित धर्मशाला परिसर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद मलबा वहीं सुरक्षित रखा गया था ताकि कोई दुर्घटना न हो।

बताया गया कि बाद में कुछ अज्ञात लोगों ने मलबे से लोहा, सरिया और अन्य भंगार सामग्री निकालते समय सेप्टिक टैंक के ढक्कन को क्षतिग्रस्त कर दिया और उसे खुला छोड़ दिया। इसी खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई। अब पूरे मामले की जांच की जा रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

PM मोदी के 'मन की बात' में गूंजा MP का सीधी जिला, 1500 तालाबों के जल संरक्षण मॉडल की देशभर में तारीफ
'पहले दिन ही इस्तीफा देना चाहते थे धर्मेंद्र प्रधान'... कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा दावा